अदाणी डिफेंस ने एके-203 राइफल के गोला-बारूद आपूर्ति के लिए IRRPL से 5 साल का समझौता
नई दिल्ली (भारत)। भारत में एके-203 राइफल कार्यक्रम को लेकर अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने इंडो-रशियन राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड (IRRPL) के साथ पांच साल का समझौता किया है। इसके तहत भारत में निर्मित एके-203 राइफलों के लिए देश में उत्पादित 7.62x39 मिमी गोला-बारूद की आपूर्ति की जाएगी। इस करार से राइफल निर्माण के साथ गोला-बारूद की घरेलू आपूर्ति शृंखला भी मजबूत होगी और कार्यक्रम के लिए देश में ही नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
भारत में बनेगा गोला-बारूद का एकीकृत सप्लाई नेटवर्क
इस समझौते से भारत-रूस राइफल कार्यक्रम के लिए देश में ही एक एकीकृत आपूर्ति शृंखला तैयार होगी। कंपनी के अनुसार, इस समझौते के तहत अदाणी डिफेंस पांच साल तक एके-203 कार्यक्रम के लिए आवश्यक छोटे हथियारों के गोला-बारूद की आपूर्ति करेगी। इससे इस कार्यक्रम के लिए भारत में ही गोला-बारूद की आपूर्ति का स्रोत उपलब्ध होगा और अनुबंध की अवधि के दौरान इसकी उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
राइफल निर्माण और गोला-बारूद उत्पादन जुड़ा
यह समझौता एके-203 कार्यक्रम के तहत राइफल निर्माण और गोला-बारूद उत्पादन को एक साथ जोड़ता है। इंडो-रशियन राइफल्स (आईआरआरपीएल) राइफल का निर्माण कर रही है, जबकि अदाणी डिफेंस गोला-बारूद का उत्पादन करेगी। आईआरआरपीएल की स्थापना भारत-रूस अंतर-सरकारी समझौते के तहत भारतीय सशस्त्र बलों के लिए एके-203 राइफल के निर्माण के मकसद से 2019 में की गई थी।
अमेठी में है एके-203 का निर्माण संयंत्र
इसका विनिर्माण संयंत्र उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के कोरवा में स्थित है। इस संयुक्त उद्यम में भारतीय शेयरधारक - एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड और म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड हैं, जबकि रूस के शेयरधारक कंसर्न कलाश्निकोव और रोसोबोरोनएक्सपोर्ट हैं।
6.01 लाख एके-203 राइफल का हुआ अनुबंध
रक्षा मंत्रालय ने आईआरआरपीएल को एके-203 राइफल के स्वदेशी उत्पादन के लिए जिम्मेदार संयुक्त उद्यम के रूप में चुना है। सरकार ने दिसंबर 2021 में कंपनी के साथ 6,01,427 एके-203 राइफल के निर्माण के लिए अनुबंध किया था। इन राइफल का निर्माण कोरवा स्थित संयंत्र में किया जाना है। अदाणी डिफेंस ने भारत में छोटे गोला-बारूद के निर्माण की क्षमता विकसित की है। कंपनी का कानपुर में भी एक उत्पादन संयंत्र है।
यह भी पढ़ें: एशियाई खेलों में तीन स्पर्धाओं में उतरेंगी पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी की मैराथन पैदल चाल पर नजर