शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार तीसरे दिन जारी
मुंबई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ग्रीनलैंड को लेकर दिये जा रहे बयान और यूरोप के देशों पर टैरिफ लगाने की धमकियों से भारतीय शेयर बाजार उबरता नजर नहीं आ रहा है। जियोपॉलिटिकल और जियोइकोनॉमिक अनिश्चितताओं, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, मिले-जुले Q3 नतीजों और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी के बीच शेयर बाजार में चौतरफा बिकवाली देखने को मिली।
सेंसेक्स 271 अंक टूटा, निफ्टी 25,130 पर हुआ बंद
शेयर बाजार में कारोबार बंद होने के समय सेंसेक्स 270.84 अंक या 0.33 प्रतिशत गिरकर 81,909.63 पर और निफ्टी 75 अंक या 0.30 प्रतिशत गिरकर 25,157.50 पर बंद हुआ। इसके साथ ही निफ्टी 75.00 अंक या 0.30% टूटकर 25,157.50 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि इससे पहले आज शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक समय 1,000 अंकों तक लुढ़क गया था। निफ्टी ने भी कारोबार के दौरान 25,000 के लेवल को तोड़ दिया। निफ्टी लगभग चार महीने बाद पहली बार 25,000 के स्तर से नीचे फिसला।
कारोबार के दौरान एक समय पर सेंसेक्स करीब 1056 अंक या 1.28% गिरकर 81,124.45 के इंट्राडे लो तक पहुंच गया था। इसके अलावा Nifty 50 भी 312.7 अंक या 1.23% टूटकर 24,919.80 पर आ गया था। हालांकि, बाद में बाजार ने मजबूत रिकवरी दिखाई।
डॉलर के मुकाबले 31 पैसे टूटकर 1.28 पर पहुंचा भारतीय रुपया
मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 31 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 91.28 पर पहुंच गया। लगातार डॉलर की मांग, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और विदेशी पूंजी निकासी के चलते उभरते बाजारों की मुद्राओं पर दबाव बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों में तेज उछाल से आयात बिल बढ़ रहा है, जिससे रुपये पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। निकट भविष्य में रुपया 90.90 से 92 के दायरे में उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार कर सकता है।
निवेशकों की संपत्ति में आई करीब 1.45 लाख करोड़ रुपये की कमी
शेयर एक्सचेंज में बुधवार की गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.45 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 454.37 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 455.82 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.45 लाख करोड़ रुपये कम हुआ है।
एक्सचेंज में 1,459 शेयर तेजी और 2,810 शेयर गिरावट के साथ हुए बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज कुल 4,405 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इनमें गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज में 1,459 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,810 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 136 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 59 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 916 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर बढ़त के साथ हुए बंद
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें इटरनल के शेयरों में 4.98 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडिगो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और पावरग्रिड के शेयर 0.67 फीसदी से लेकर 1.30 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
आईसीआईसीआई बैंक 2.01 फीसदी की गिरावट के साथ रहा टॉप लूजर्स
सेंसेक्स के बाकी 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 2.01 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस बैंक और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में 1.13 फीसदी से लेकर 1.96 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/ed-director-will-hold-a-meeting-with-ed-officials-in-kolkata/105833