सितंबर 2026 में देश का सकल जीएसटी संग्रह 14.7% बढ़

सितंबर में चमकी देश की अर्थव्यवस्था! 14.7% बढ़कर 2.04 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा कुल GST संग्रह

Ministry of Finance

नई दिल्ली। नए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू और आयात-संबंधी राजस्व में मजबूत सुधार के चलते इस साल सितंबर महीने में देश का सकल वस्तु एवं सेवा कर (GST) संग्रह सालाना आधार पर 14.7 प्रतिशत बढ़कर ₹2.04 लाख करोड़ पर पहुंच गया है।

घरेलू और आयात राजस्व का संपूर्ण गणित

आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में कुल घरेलू जीएसटी राजस्व 10.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ ₹1.38 लाख करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह ₹1.25 लाख करोड़ था। वहीं, आयात से होने वाले राजस्व में और भी तेज उछाल दर्ज किया गया। सकल आयात राजस्व सालाना आधार पर 25.9 प्रतिशत बढ़कर ₹65,525 करोड़ हो गया, जो पिछले साल सितंबर में ₹52,031 करोड़ था।

इसके अलावा, घरेलू लेनदेन और आयात से प्राप्त होने वाले राजस्व को मिलाकर कुल एकीकृत जीएसटी (IGST) संग्रह सितंबर में बढ़कर ₹1.20 लाख करोड़ हो गया, जो एक साल पहले ₹1.02 लाख करोड़ था। समीक्षाधीन महीने के दौरान केंद्रीय जीएसटी (CGST) संग्रह ₹37,762 करोड़ और राज्य जीएसटी (SGST) संग्रह ₹45,363 करोड़ दर्ज किया गया।

रिफंड समायोजन के बाद शुद्ध राजस्व की स्थिति

कर रिफंड के समायोजन के बाद, सितंबर 2026 में शुद्ध जीएसटी राजस्व सालाना आधार पर 18.1 प्रतिशत बढ़कर ₹1.77 लाख करोड़ हो गया, जबकि सितंबर 2025 में यह ₹1.50 लाख करोड़ था। महीने के दौरान शुद्ध घरेलू जीएसटी राजस्व 13.5 प्रतिशत बढ़कर 1.24 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि सीमा शुल्क से जुड़े जीएसटी का शुद्ध राजस्व 30.8 प्रतिशत की छलांग के साथ 52,028 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

सितंबर महीने में कुल जीएसटी रिफंड ₹27,001 करोड़ रहा, जो एक साल पहले के ₹27,848 करोड़ से 3 प्रतिशत कम है। घरेलू रिफंड 13.5 प्रतिशत घटकर ₹13,504 करोड़ रह गया, जबकि आइसगेट (ICEGATE) के माध्यम से निर्यात जीएसटी रिफंड 10.2 प्रतिशत बढ़कर ₹13,497 करोड़ हो गया।

चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों का प्रदर्शन

चालू वित्तीय वर्ष की अप्रैल-सितंबर अवधि के लिए सकल जीएसटी संग्रह 11.6 प्रतिशत बढ़कर ₹12.46 लाख करोड़ हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में यह ₹11.17 लाख करोड़ था। वित्त वर्ष 2026-27 के पहले छह महीनों के दौरान शुद्ध जीएसटी राजस्व ₹10.66 लाख करोड़ रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि के ₹9.65 लाख करोड़ से 10.4 प्रतिशत अधिक है।

राज्यवार जीएसटी संग्रह के आंकड़े

राज्यवार आंकड़ों पर गौर करें तो महाराष्ट्र ने सितंबर महीने में ₹29,986 करोड़ का जीएसटी राजस्व दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 15 प्रतिशत अधिक है। इसके बाद कर्नाटक का स्थान रहा, जहां राजस्व ₹13,884 करोड़ (16 प्रतिशत की वृद्धि) दर्ज किया गया। गुजरात में यह आंकड़ा ₹12,222 करोड़ (17 प्रतिशत की वृद्धि) रहा। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना दोनों राज्यों ने 18 प्रतिशत की मजबूत ग्रोथ दर्ज की, जहां जीएसटी राजस्व क्रमशः ₹8,882 करोड़ और ₹5,327 करोड़ रहा। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बाद गिरावट, सेंसेक्स 49 और निफ्टी 96 अंक फिसला