एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती ने दिया इस्तीफा
मुंबई। रिटायर्ड IAS ऑफिसर अतानु चक्रवर्ती ने HDFC बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर, पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। प्राइवेट सेक्टर के देश के सबसे बड़े बैंकों में शुमार एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन पद से अतानु चक्रवर्ती के इस्तीफे से ज्यादा इस्तीफे की वजह को लेकर कॉर्पोरेट सेक्टर में चर्चा है।
नैतिकता और सिद्धांतों के टकराव पर सवाल
रिटायर्ड IAS ऑफिसर अतानु चक्रवर्ती ने एचडीएफसी बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर पद से इस्तीफा देते हुए बैंक के भीतर कुछ ऐसी प्रथाओं या कामकाज के तरीकों पर सवाल उठाया है जो उनके नैतिक मूल्यों और सिद्धांतों के विपरीत (Ethical Disagreements) थीं। अब इसे लेकर कॉर्पोरेट सेक्टर में नयी बहस छिड़ गयी है।
व्यक्तिगत मूल्यों से समझौता नामंजूर
अतानु चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि "पिछले दो वर्षों में बैंक के भीतर जो कुछ घटनाएं और कार्यप्रणालियां मैंने देखी हैं, वे मेरे व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं हैं। यही मेरे उपर्युक्त निर्णय का आधार है।” हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके इस्तीफे के पीछे कोई अन्य भौतिक कारण नहीं है। यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब HDFC Bank अपने बड़े मर्जर के बाद ट्रांजिशन फेज में है, जिससे कॉरपोरेट गवर्नेंस को लेकर सवाल खड़े हो सकते हैं।
केकी मिस्त्री संभालेंगे अंतरिम कमान
बैंक ने स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में कहा, "हम पुष्टि करते हैं कि चक्रवर्ती के इस्तीफे का कारण उक्त पत्र में उल्लिखित कारणों के अलावा और कोई नहीं है।" अतानु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बीच एचडीएफसी बैंक ने सेबी को बताया कि एक आवेदन के आधार पर, भारतीय रिजर्व बैंक ने 18 मार्च, 2026 को केकी मिस्त्री को 19 मार्च, 2026 से 3 महीने की अवधि के लिए बैंक के अंतरिम अंशकालिक अध्यक्ष के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है।
विलय के बाद के सफर पर एक नजर
चक्रवर्ती मई 2021 में एचडीएफसी बैंक के बोर्ड में शामिल हुए थे और बोर्ड में उनके कार्यकाल के दौरान एचडीएफसी लिमिटेड के साथ बैंक के विलय जैसी महत्वपूर्ण घटनाएं हुईं, जिससे बैंक के अंतर्गत एक समूह का निर्माण हुआ। उन्होंने अपने पत्र में कहा, “इस रणनीतिक पहल ने एचडीएफसी बैंक को देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक बना दिया है। हालांकि, विलय के लाभ अभी पूरी तरह से सामने नहीं आए हैं।”
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/cm-announces-international-samrat-vikramaditya-award/150249