भारत और इज़राइल ने सार्वजनिक क्षेत्र की लेखापरीक्ष

भारत-इज़राइल के बीच सार्वजनिक लेखापरीक्षक सहयोग पर समझौता

India, Israel Deepen Collaboration in Public Sector Auditing

नई दिल्ली (भारत): भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक और इज़राइल के सर्वोच्च लेखापरीक्षक संस्थान ने सार्वजनिक क्षेत्र के लेखापरीक्षण में सहयोग बढ़ाने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इज़राइल के राज्य नियंत्रक एवं लोकपाल और सर्वोच्च लेखापरीक्षा संस्थानों के यूरोपीय संगठन के अध्यक्ष मतन्याहू एंग्लमैन ने इज़राइल के राज्य नियंत्रक एवं लोकपाल कार्यालय के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक कार्यालय का दौरा किया।

भारत-इज़राइल के बीच द्विपक्षीय बैठक

भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक संजय मूर्ति और एंग्लमैन के बीच एक द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक के समापन पर भारत और इज़राइल के सर्वोच्च लेखापरीक्षा संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू पेशेवर ज्ञान, कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषज्ञता, प्रशिक्षण के अवसर और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान के माध्यम से सार्वजनिक क्षेत्र के लेखापरीक्षण में सहयोग बढ़ाने के लिए एक ढांचा प्रदान करता है।

आयोजित हुआ डॉ. बी.आर. अंबेडकर व्याख्यान  श्रृंखला

अपने दौरे के तहत एंग्लमैन ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर व्याख्यान श्रृंखला में ‘सार्वजनिक क्षेत्र की लेखापरीक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ विषय पर व्याख्यान देते हुए आधुनिक ऑडिट प्रक्रियाओं, प्रदर्शन मूल्यांकन और नवोन्मेषी तकनीकी उपकरणों में AI की भूमिका पर प्रकाश डाला। व्याख्यान में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डेटा एनालिटिक्स और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियां सार्वजनिक क्षेत्र की लेखापरीक्षाओं को अधिक प्रभावी, कुशल और परिणामोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

एंग्लमैन ने अपने अनुभवों को किया साझा

इज़राइल के राज्य नियंत्रक एवं लोकपाल कार्यालय के अनुभवों को साझा करते हुए एंग्लमैन ने बताया कि किस प्रकार नवाचार आधारित तकनीकों का उपयोग सार्वजनिक निगरानी को सशक्त बनाने, जवाबदेही बढ़ाने तथा शासन से जुड़ी नई चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने में किया जा सकता है। द्विपक्षीय बैठक में उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के.एस. सुब्रमणियन, एसएआई इंडिया के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी बीके मोहंती और महानिदेशक विमलेंद्र पटवर्धन भी  उपस्थित रहे। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः ईरानी सुरक्षा परिषद के अधिकारी निज़ामीपुर की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात