भारत-यूरोपीय यूनियन ट्रेड डील से शेयर मार्केट में लौटी हरियाली
मुंबई। भारत–यूरोपीय यूनियन (India–EU) के बीच ट्रेड डील के ऐलान से भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को तेजी देखने को मिली। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिण कोरिया पर अतिरिक्त टैरिफ की घोषणा की चिंता से बाजार में पूरे दिन उतार चढ़ाव देखने को मिला। इस दौरान अधिकांश सेक्टर दबाव में नजर आये और कुछ ही सेक्टर फायदे में दिखे। ऑटो, FMCG, रियल्टी, मीडिया और IT स्टॉक्स कमज़ोर रहे, जिससे कुल मिलाकर माहौल खराब रहा। मेटल्स, PSU बैंक और कुछ चुनिंदा फाइनेंशियल स्टॉक्स ने सहारा दिया, लेकिन निवेशकों के सेलेक्टिव और डिफेंसिव रहने के कारण सेंटिमेंट सतर्क बना रहा।
सुस्त शुरुआत के बाद आखिरी घंटे में पलटी बाजी
बाजार में मंगलवार को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। इसके बाद बाजार दिनभर बाजार सीमित दायरे में घूमता रहा। लेकिन आखिरी घंटे में खरीदारी ने सेंसेक्स-निफ्टी को दिन के ऊपरी स्तरों पर बंद होने में मदद की। शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद मार्केट क्लोज होने पर सेंसेक्स 319.78 अंक या 0.39 प्रतिशत बढ़कर 81,857.48 पर और निफ्टी 126.75 अंक या 0.51 प्रतिशत बढ़कर 25,175.40 पर था।
मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया मंगलवार को डॉलर के मुकाबले 24 पैसे बढ़कर 91.72 पर बंद हुआ, जबकि शुक्रवार को यह 91.96 पर बंद हुआ था।
मेटल इंडेक्स ने लगाई 3 प्रतिशत की लंबी छलांग
सेक्टोरल फ्रंट पर अधिकतर इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। मेटल सेक्टर ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए करीब 3 प्रतिशत की छलांग लगाई। इसके अलावा ऑटो इंडेक्स में 1 प्रतिशत से ज़्यादा की गिरावट आई, मीडिया इंडेक्स में 2 प्रतिशत की गिरावट आई और PSU बैंक इंडेक्स में 0.6 प्रतिशत की तेजी आई। ऑटो, FMCG, मीडिया और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स को छोड़कर, बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए, जिसमें मेटल 3% ऊपर रहा।
एक्सचेंज पर गिरावट वाले शेयरों की संख्या रही ज्यादा
इंट्राडे कारोबार में लगभग 1530 शेयरों में तेजी आई, 2407 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 159 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,473 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,947 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,345 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 181 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 80 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 663 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
अदाणी पोर्ट्स ने मारी बाजी, बैंकिंग और स्टील सेक्टर के शेयरों में भी दिखा दम
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 16 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में 4.47 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा और एनटीपीसी (NTPC) के शेयर 2.48 फीसदी से लेकर 4.31 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
ऑटो सेक्टर पर दिखा सबसे ज्यादा दबाव
सेंसेक्स के बाकी 14 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 4.19 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, इटरनल और मारुति सुजुकी के शेयरों में 1.48 फीसदी से लेकर 3.14 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/union-budget-2026education-sector-eyes-big-hike-to-boost-iit-iim-seats/130786