मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीद से शेयर बाजार में तेजी
मुंबई। पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद और एशियाई बाजार से मिले पॉजिटिव संकेतों से भारतीय शेयर बाजार में एक दिन की गिरावट के बाद बुधवार को तेजी देखने को मिली। हालांकि दोपहर बाद क्रूड ऑयल में उछाल के बाद ऊपरी स्तरों से प्रॉफिट बुकिंग के कारण बाजार की तेजी पर कुछ ब्रेक लग गया।
तेज शुरुआत के बाद कच्चे तेल ने बिगाड़ा मूड
बुधवार को कारोबारी सत्र की शुरुआत काफी आक्रामक रही। सेंसेक्स ने बाजार खुलते ही 1,000 से अधिक अंक की उछाल भरी और निफ्टी ने 24,300 का अहम स्तर पार कर लिया था। इससे शुरुआती दौर में बाजार पूंजीकरण करीब ₹5 लाख करोड़ बढ़ गया था। लेकिन दोपहर तक ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों के 115 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंचने के कारण बाजार ने अपनी लगभग आधी शुरुआती बढ़त गंवा दी। बाजार की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ने लगी। ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली देखने को मिली और बाजार की तेजी पर ब्रेक लग गया।
सेंसेक्स 609 अंक चढ़ा, निफ्टी 24150 के पार पहुंचा
मार्केट क्लोजिंग के समय तक बाजार कुछ नीचे आ गया और तमाम उतार-चढ़ाव के बाद कारोबारी दिन के अंत में सेंसेक्स 609.45 अंक (0.79%) की तेजी के साथ 77,496.36 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 181.95 अंक (0.76%) मजबूत होकर 24,177.65 के स्तर पर बंद हुआ।
रुपये की कमजोरी ने बढ़ाई चिंता
मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया आज 0.3 फीसदी गिरावट के साथ ₹94.8450 के रेकॉर्ड लो पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ₹94.79 पर खुला था। मंगलवार को रुपया 53 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ₹94.68 पर बंद हुआ था।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में आज एक बार फिर उछाल देखने को मिला है। ब्रेंट क्रूड 115 डॉलर प्रति बैरल तक चला गया। जून डिलीवरी वाला ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 3.5 फीसदी उछलकर 115.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इसी प्रकार डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 3.7 फीसदी उछाल के साथ 103.69 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इसकी बड़ी वजह अमेरिका-ईरान में दूसरे दौर की बातचीत में हो रही देर को माना जा रहा है। दोनों देशों की लड़ाई शुरू होने के बाद से क्रूड 49 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है।
निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹2 लाख करोड़ की बढ़ोतरी
शेयर बाजार में आज की तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब दो लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर ₹468.62 लाख करोड़ (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन ₹466.66 लाख करोड़ था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब ₹1.96 लाख करोड़ का मुनाफा हुआ है।
बाजार में मिला-जुला रुख, कई शेयर गिरे
स्टॉक एक्सचेंज पर आज के कारोबार में एनएसई में 2,953 शेयरों में कारोबार हूआ। इनमें से 1,406 शेयर मुनाफा कमा कर चढ़कर बंद हुए और 1,547 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 22 शेयर बढ़त के साथ और आठ शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज के टॉप गेनर्स और लूजर्स
कारोबार के बाद स्टॉक एक्सचेंज पर चढ़कर बंद होने वाले पांच प्रमुख शेयरों में आईटीसी 3.88 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.67 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 2.83 प्रतिशत, कोल इंडिया 2.76 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए। बाजार की तेजी में भी गिरकर बंद होने वाले पांच प्रमुख शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन 2.19 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 1.83 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.36 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.85 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व 0.83 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/sports/pujara-in-awe-of-vaibhav-suryavanshis-fearless-knock/180969