शेयर बाजार में रिकॉर्डतोड़ तेजी, सेंसेक्स 2000 अंक उछला और निफ्टी 24500 के पार बंद
मुंबई (महाराष्ट्र)। भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स की बढ़त के बाद मिले सकारात्मक वैश्विक संकेतों के दम पर सेंसेक्स 2,000 अंकों से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी 24,500 के स्तर के पार बंद हुआ।
सेंसेक्स 2008.61 अंक यानी 2.60 प्रतिशत की जबरदस्त तेजी के साथ 79,310.01 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि इसकी पिछली क्लोजिंग 77,301.40 थी। वहीं, निफ्टी 576.00 अंक यानी 2.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,536.60 पर बंद हुआ, जबकि इससे पहले यह 23,960.60 पर बंद हुआ था।
सेक्टरवार प्रदर्शन और टॉप गेनर्स-लूजर्स
सेक्टर के हिसाब से बात करें तो सभी प्रमुख मार्केट इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। इनमें निफ्टी 100 सबसे आगे रहा, जिसमें 2.23 प्रतिशत की तेजी आई। अधिकांश सेक्टर इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए, जिसमें निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी बैंक में क्रमशः 4 प्रतिशत और 3 प्रतिशत से अधिक की भारी तेजी दर्ज की गई। हालांकि, निफ्टी केमिकल्स और निफ्टी मीडिया में गिरावट यानी करेक्शन देखने को मिला।
एनएसई (NSE) पर बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, इंडिगो, मारुति, टीएमजीवी, एमएंडएम, आईसीआईसीआई बैंक, बीएसई, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, एटरनल, एक्सिस बैंक, आयशर मोटर्स, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, एसबीआईएन, ग्रासिम, एलएंडटी, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज ऑटो, टाइटन और हिंडाल्को प्रमुख गेनर्स रहे। दूसरी ओर, अपोलो हॉस्पिटल, ओएनजीसी, एनटीपीसी, बीईएल, अडानी एयरपोर्ट्स, सिप्ला और ट्रेंट गिरावट के साथ बंद हुए।
इसी तरह बीएसई (BSE) पर बजाज फाइनेंस, इंडिगो, मारुति, एमएंडएम, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, एटरनल, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, एलएंडटी, टीसीएस, टेक महिंद्रा, रिलायंस, कोटक बैंक, टाइटन, टाटा स्टील और हिंदुस्तान यूनिलीवर में शानदार तेजी रही। इसके मुकाबले एनटीपीसी, बीईएल, अडानी एयरपोर्ट्स, आईटीसी, पावर ग्रिड और भारती एयरटेल सबसे बड़े लूजर्स रहे।
कमोडिटी बाजार का हाल और विशेषज्ञों की राय
कमोडिटी बाजार में रिपोर्ट लिखे जाने के समय ब्रेंट क्रूड लगभग 96.02 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल और क्रूड ऑयल लगभग 88.56 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के रिसर्च एसवीपी अजीत मिश्रा ने कहा, "अलग-अलग सेक्टरों के बड़े शेयरों में आई व्यापक मजबूती ने निफ्टी को पिछले तीन महीनों के नुकसान की भरपाई करने में मदद की है। इससे इंडेक्स अगस्त के अपने उच्च स्तर, लगभग 24,800 के करीब, को फिर से छूने की राह पर है। बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में आई नई तेजी एक और सकारात्मक संकेत है। इसलिए, हमारा मानना है कि बाजार का रुख सकारात्मक बना रहेगा। हालांकि, आगे आने वाली संभावित अस्थिरता को देखते हुए, शेयरों का चुनाव बहुत सोच-समझकर करना चाहिए और ओवरनाइट रिस्क मैनेजमेंट पर भी ध्यान देना चाहिए।"
वहीं, मार्केट एनालिस्ट विपिन डिक्सना ने कहा, "आज की तेजी उत्साहजनक है क्योंकि इसे केवल शॉर्ट कवरिंग का ही नहीं, बल्कि कई अन्य कारकों का भी समर्थन मिल रहा है। कच्चे तेल की कम कीमतें, विदेशी निवेशकों का बढ़ता निवेश और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं में कमी की उम्मीदें बाजार के सेंटीमेंट को बेहतर बना रही हैं। भारत के लिए मैक्रो-इकोनॉमिक माहौल में सुधार एक सकारात्मक संकेत है। साथ ही, वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही के नतीजे बताते हैं कि कई लार्ज-कैप सेक्टरों में कमाई की संभावनाएं बेहतर हो रही हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "निफ्टी 24,200 के स्तर के काफी ऊपर आ गया है, जिससे इसका शॉर्ट-टर्म टेक्निकल स्ट्रक्चर मजबूत हुआ है। अब 24,200 से 24,100 का दायरा एक अहम सपोर्ट जोन बन गया है, जबकि 24,400 से 24,500 का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस जोन है। अगर निफ्टी 24,500 के ऊपर टिका रहता है, तो इसमें और तेजी आ सकती है। पिछले कुछ सत्रों में आई तेज रैली को देखते हुए, निवेशकों को बीच-बीच में होने वाली प्रॉफिट बुकिंग के लिए भी तैयार रहना चाहिए।" (इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: सस्ते स्मार्टफोन खरीदना होगा मुश्किल! मेमोरी की बढ़ती लागत से 30% तक हो सकते हैं महंगे: जेफरीज