घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स 330 अंक लुढ़का, निफ्टी में भी गिरावट; आईटी और वित्तीय शेयरों में बिकवाली से बाजार धड़ाम

Stock market closes lower amid selling pressure (File Photo)

मुंबई (महाराष्ट्र)। सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट आई और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 330 अंक लुढ़क गया। वहीं एनएसई निफ्टी 85 अंक के नुकसान में रहा। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल के दाम में नरमी के बावजूद घरेलू शेयर बाजार नुकसान में रहे।

कारोबार के आंकड़े और सूचकांक

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 329.91 अंक यानी 0.44 प्रतिशत टूटकर 74,529.08 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 435.28 अंक की गिरावट के साथ 74,423.71 अंक पर आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 85.30 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,329 अंक पर बंद हुआ।

इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा गिरावट

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट रही। वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में इटर्नल, इंटरग्लोब एविएशन, टाइटन और टाटा स्टील शामिल है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.67 प्रतिशत टूटकर 98.66 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

जानकारों ने बाजार पर रखी अपनी राय

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, "भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। वैश्विक माहौल में सुधार के बावजूद घरेलू बाजार की धारणा कमजोर रही। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक बॉण्ड पर प्रतिफल में कमी से माहौल को कुछ समर्थन मिला, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों में सुधार भारतीय शेयरों में तेजी में तब्दील नहीं हो सका।" उन्होंने कहा, "सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), वित्तीय और उपभोक्ता वस्तुओं के शेयरों में व्यापक बिकवाली से घरेलू बाजार दबाव में रहे।"

एशियाई और वैश्विक बाजारों का हाल

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में बढ़त का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को उल्लेखनीय बढ़त के साथ बंद हुए थे।

विदेशी निवेशकों और पिछले दिन का हाल

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध रूप से 576.20 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की। सेंसेक्स सोमवार को 564.03 अंक चढ़कर 74,858.99 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी लगातार चौथे कारोबारी सत्र में 67.90 अंक की तेजी के साथ 23,414.30 अंक पर रहा था।

यह भी पढ़ें: ब्रेंट क्रूड के भाव में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार की सपाट शुरुआत के संकेत