अमेरिका-ईरान युद्धविराम के बीच इजरायल के ताजा हमलो

'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' बंद होने की आशंका से शेयर बाजार धड़ाम, 931 अंक टूटा सेंसेक्स

Sensex Plunges 931 Points as Iran’s Hormuz Threat Spikes Oil Prices

मुंबई। अमेरिका-ईरान युद्धविराम के बीच इजरायल के ताजा हमलों के बाद सीजफायर पर संशय के बादल छाने लगे हैं। इससे मिडिल ईस्ट में अनिश्चितता बढ़ गई हैं। बढ़ते तनाव ने निवेशकों का भरोसा कमजोर किया है। लेबनान पर इस्राइल के हमलों के जवाब में ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद करने के ऐलान बाद कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर से आई तेजी ने बाजार की चिंता और बढ़ा दी है। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर इजराइल लेबनान पर बमबारी जारी रखता है, तो वह बातचीत से पीछे हट जाएगा। इस वजह से निवेशक 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' के खुले रहने को लेकर आशंकित नजर आये।

एशियाई बाजारों में गिरावट, भारत पर भी दिखा असर

मिडिल ईस्ट तनाव के कारण ग्लोबल दबाव का असर एशियाई बाजारों पर भी साफ दिखा। जापान, चीन, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। इन कमजोर संकेतों से भारतीय बाजार भी अछूता नहीं रहा और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के कारण पांच दिनों से जारी बढ़त का सिलसिला गुरुवार को टूट गया। सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। स्टॉक मार्केट में दिन में एक समय सेंसेक्स पिछली क्लोजिंग से 1215 अंक तक टूटकर 76,347.90 के लो तक पहुंच गया था। इसी तरह निफ्टी 314.55 अंक तक गिरकर 23.682.80 के लो तक पहुंच गया था।

सेंसेक्स-निफ्टी में भारी टूट, दिनभर दबाव में रहा बाजार

हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन कारोबार के अंत में सेंसेक्स 931.25 (1.20%) अंक टूटकर 76,631.65 के स्तर पर आ गया। दिन के दौरान इसमें 1,215 अंक या 1.56 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 76,347.90 पर पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 222.25 (0.93%) अंकों की गिरावट के साथ 23,775.10 के स्तर पर कारोबार करते हुए बंद हुआ।

डॉलर के मुकाबले कमजोर हुआ रुपया

मुद्रा बाजार में गुरुवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 9 पैसे गिरकर 92.63 (अस्थायी) पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.63 पर खुला, फिर गिरकर दिन के दौरान 92.92 के निचले स्तर पर पहुंच गया। सत्र के दौरान इसने दिन का उच्चतम स्तर 92.53 भी छुआ।

कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त उछाल

पश्चिम एशिया के तनाव के कारण कच्चे तेल में तेजी लौट आई है। सीजफायर पर संशय के बादल छाने के कारण ईरान ने महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट फिर बंद कर दिया है। इस वजह से अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.73 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। US वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड की कीमत 2.60 डॉलर या 2.75 प्रतिशत बढ़कर 97.01 डॉलर प्रति बैरल हो गई।

निवेशकों की संपत्ति में आई भारी कमी

शेयर मार्केट में आज की जबरदस्त गिरावट के बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 4,44,79,150.90 करोड़ रुपये हो गया। बुधवार को यह 4,44,68,084.49 करोड़ रुपये था। इसका मतलब हुआ कि 72,250.95 करोड़ रुपये की कमी।निफ्टी पर सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट और तेजी का मिलाजुला रुख दिखा। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.75 प्रतिशत गिरा। पीएसयू बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 1.27 प्रतिशत नीचे आया। वहीं मेटल इंडेक्स में 1.25 प्रतिशत की तेजी दिखी।

कुछ शेयरों में भारी गिरावट, तो कुछ में दिखी मजबूती

निफ्टी में सबसे ज़्यादा गिरावट वाले शेयरों में L&T, इंटरग्लोब एविएशन, एटरनल, श्रीराम फाइनेंस और जियो फाइनेंशियल शामिल रहे। जबकि बढ़त वाले शेयरों में डॉक्टर रेड्डीज, हिंडाल्को, बजाज ऑटो, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और मैक्स हेल्थ केयर शामिल रहे। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.3 फीसदी की बढ़त हुई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स सपाट स्तर पर बंद हुआ।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/trump-revives-greenland-focus-slams-nato-allies/155979

ट्रंप ने फिर अलापा ग्रीनलैंड का राग, नाटो देशों पर साधा निशाना