वैश्विक बाजारों की मजबूती के बीच धातु, बैंकिंग और

चार दिन की गिरावट के बाद संभला शेयर बाजार, सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा; निफ्टी 23,897 पर बंद

Sensex Rises 363 Points After Four-Day Fall, Nifty Ends at 23,897

मुंबई (महाराष्ट्र)। वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच धातु, निजी बैंक और तेल एवं गैस कंपनियों के शेयरों में खरीदारी आने से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार चार दिन की गिरावट से उबरकर तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी में बढ़त सीमित रही। निफ्टी मामूली बढ़त के साथ 23,897.70 अंक पर बंद हुआ। हालांकि, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के चलते बाजार की शुरुआती तेजी कुछ कम हो गई।

सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा

BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 362.57 अंक यानी 0.48 प्रतिशत बढ़कर 76,515.43 अंक पर बंद हुआ। इसके 20 शेयर लाभ में, जबकि 10 नुकसान में रहे। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 730.28 अंक तक चढ़कर 76,883.14 अंक के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था।

निफ्टी मामूली बढ़त के साथ बंद

NSE का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 24.25 अंक यानी 0.10 प्रतिशत बढ़कर 23,897.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 132 अंक चढ़कर 24,005.75 अंक तक पहुंच गया था लेकिन समापन नीलामी सत्र (Closing Auction Session) में इसकी बढ़त कम हो गई।

इन शेयरों में रही खरीदारी

सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, अदाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटर्नल, एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में गिरावट रही।

फेड के फैसले से बाजार को राहत

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तत्काल ब्याज दर बढ़ाने की आशंका कम होने से भारतीय शेयर बाजार में राहत भरी तेजी आई। हालांकि, ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली और पश्चिम एशिया में तनाव जारी रहने से बढ़त सीमित रही।

घरेलू मांग से निवेशकों का भरोसा कायम

नायर ने कहा कि घरेलू बाजार में शेयर और क्षेत्र आधारित खरीदारी जारी रही तथा छोटी कंपनियों के शेयरों के सूचकांक कारोबार के दौरान अपने अब तक के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। नायर ने कहा, 'मजबूत आय वृद्धि, अर्थव्यवस्था की मजबूती और घरेलू मांग में मजबूती से व्यापक बाजार में निवेशकों का भरोसा कायम है।'

एशियाई बाजारों में भी तेजी

एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग 1.74 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 1.64 प्रतिशत और जापान का निक्की सूचकांक 1.28 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.30 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। यूरोप के बाजारों में ज्यादातर स्थिर रुख रहा। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.40 प्रतिशत गिरकर 95.14 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 2,345.87 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 4,977.46 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 417.49 अंक गिरकर 76,152.86 अंक और निफ्टी 41 अंक की गिरावट के साथ 23,873.45 अंक पर बंद हुआ था। दोनों सूचकांकों में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट रही थी।

यह भी पढ़ें:   कोटा ग्रामीण में गांजा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, 3.165 किलो गांजे के साथ महिला गिरफ्तार