पश्चिम एशिया में शांति को लेकर अमेरिका और ईरान के

अमेरिका-ईरान वार्ता फेल होने से शेयर बाजार में गिरावट, 700 अंक टूटा सेंसेक्स

Stock Market Declines as US-Iran Talks Fail

मुंबई। पश्चिम एशिया में शांति को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में बातचीत बेनतीजा रहने का असर आज भारतीय शेयर बाजार और दूसरे एशियाई बाजारों में देखने को मिला। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को फिर से पार कर गई है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज भारतीय रुपये में भी गिरावट दिखी। इन वजहों से भारतीय इक्विटी इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए है। निफ्टी 23,900 के नीचे चला गया है।

शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट, फिर संभला बाजार

भारतीय शेयर बाजार की शुरूआत आज काफी खराब रही। सेंसेक्स लाल निशान में 75,937.16 पर खुला। इसी तरह निफ्टी भी 23,589.60 पर खुला। खुलने के कुछ पलों के अंदर ही सेंसेक्स ने पिछली क्लोजिंग से 1681.93 अंकों की बड़ी गिरावट देखी और 75,868.32 के लो तक चला गया। निफ्टी 495 अंक तक लुढ़ककर 23,555.60 के लो गया गया। लेकिन दोपहर बाद निचले स्तर से कुछ खरीददारी लौटी और बाजार संभालता नजर आया। सेंसेक्स 1100 अंक उछल गया, निफ्टी करीब 1.5% और बैंक निफ्टी 2.5% तक रिकवर कर गया।

अंत में गिरावट के साथ बंद हुए इंडेक्स

भारी उतार-चढ़ाव के बीच ट्रेडिंग सेशन के अंत में सेंसेक्स 702.68 अंक या 0.91 प्रतिशत गिरकर 76,847.57 पर और निफ्टी 207.95 अंक या 0.86 प्रतिशत गिरकर 23,842.65 पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.5-0.5 प्रतिशत की गिरावट आई। शेयर मार्केट का वोलैटिलिटी इंडेक्स "इंडिया VIX" आज शुक्रवार के 18.8 से बढ़कर 21.3 पर पहुंच गया,जो बाज़ार में बढ़ती अनिश्चितता का संकेत है।

रुपये पर भी दिखा दबाव, डॉलर हुआ मजबूत

मुद्रा बाजार में भारतीय रुपये में आज गिरावट देखने को मिली। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया 56 पैसे टूटकर 93.39 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया। मुद्रा बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.30 पर खुला। रुपया शुक्रवार को 32 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.83 पर बंद हुआ था। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अस्थिर भू-राजनीतिक स्थिति के बीच अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने से रुपये पर दबाव बना हुआ है।

कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में सोमवार को 10 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली है। इससे दाम फिर से 100 डॉलर प्रति बेरल के पार निकल गया है। ब्रेंट क्रूड का दाम 7.21 प्रतिशत या 6.86 डॉलर बढ़कर 102.2 डॉलर प्रति बेरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड का दाम 7.90 प्रतिशत या 7.63 डॉलर बढ़कर 104.28 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा। हालांकि क्रूड $102 के आसपास स्थिर रहा और इसमें कोई बड़ी उथल-पुथल नहीं हुई, इससे बाजार को थोड़ा सहारा मिला।

ज्यादातर सेक्टर गिरावट के साथ बंद

स्टॉक मार्केट में आज लगभग 1716 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। 2453 शेयरों में गिरावट आई और 188 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेक्टरों की बात करें तो पावर, डिफेंस और टेलीकॉम को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर गिरावट के साथ बंद हुए। इनमें FMCG, ऑटो, IT, एनर्जी और ऑयल एंड गैस सेक्टर में 1-1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

आज के टॉप गेनर्स और लूजर्स

निफ्टी में सबसे ज़्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में HDFC Life, Adani Enterprises, ICICI Bank, NTPC और Tata Motors Passenger Vehicles शामिल रहे। जबकि गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में Maruti Suzuki, Eicher Motors, Reliance Industries, Bajaj Finance और Interglobe Aviation शामिल रहे।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/amit-shah-targets-tmc-says-bengal-will-respond-through-ballots/157153

अमित शाह का TMC पर हमला, कहा- बंगाल में बम नहीं, बैलेट से मिलेगा जवाब