बजट से पहले शेयर बाजार में मुनाफावसूली से गिरावट
Indian stock market : भारतीय शेयर बाजार में बजट से ठीक पहले हफ्ते आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को मुनाफावसूली से भारी गिरावट देखने को मिली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। वैश्विक हालात को देखते हुए बजट से पूर्व मार्केट सतर्क मूड में नजर आ रहा है। विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली और रुपये की लगातार गिरावट से मार्केट का सेंटीमेंट कमजोर नजर आया।
इस कारण शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 600 अंकों से भी अधिक लुढ़क गया था। हालांकि बाद में चुनिंदा शेयरों में खरीदारी से इंडेक्स ने कुछ नुकसान की भरपाई की। इस पूरे कारोबारी हफ्ते में बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में करीब 1-1 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली है।
कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 296.59 अंक या 0.36 प्रतिशत गिरकर 82,269.78 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 98.25 अंक या 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,320.65 पर बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में मिला-जुला रुख देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.2 प्रतिशत फिसला, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.3 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब बना रहा। विदेशी मुद्रा बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को अपने रिकॉर्ड निचले स्तर 92.02 पर पहुंच गया, लेकिन मजबूत अमेरिकी मुद्रा और अस्थिर भू-राजनीतिक संकेतों के बीच मामूली बढ़त के साथ 91.97 पर बंद हुआ। रुपये में गिरावट के कारण पूंजी के बाहर जाने और आयातित महंगाई के जोखिमों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इस कारण भी मार्केट में गिरावट देखी गई।
सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें तो मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा 5 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके अलावा ऑयल एंड गैस, बैंकिंग, आईटी और एनर्जी शेयरों में 0.5 से 1 प्रतिशत तक की कमजोरी आई। वहीं दूसरी ओर, फार्मा, मीडिया, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और एफएमसीजी सेक्टरों में 0.7 से 1.8 प्रतिशत तक की मजबूती देखने को मिली।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर शुक्रवार को कुल 4,367 शेयरों में कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,424 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,781 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 162 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 78 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 291 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
बांबे स्टाक एक्सचेंज में सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर बढ़ कर बंद हुए। इसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में 1.38 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईटीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर 0.94 फीसदी से लेकर 1.23 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के शेष 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी टाटा स्टील का शेयर 4.57 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, पावरग्रिड, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयरों में 2.10 फीसदी से लेकर 1.29 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/shashi-tharoor-spoke-openly-on-the-speculations-i-give-my-personal-opinion/131227