शेयर बाजार में चौतरफा बिकवाली से भारी गिरावट, रूपया भी गिरा
मुंबई। भारतीय शेयर बाजारों में किसी बड़ी नकारात्मक खबर नहीं होने के बाद भी सोमवार को निवेशकों में पाजिटिविटी नजर नहीं आयी। सोमवार को भारी बिकवाली के बीच चौतरफा भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार शुरुआत में दिखी हल्की गिरावट दोपहर बाद के सेशन में गहरी हो गई और मार्केट में बड़ी बिकवाली देखी गई। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 800 अंकों से ज्यादा टूट गया था, जबकि निफ्टी में भी 25,900 के स्तर पर आ गई थी।
सेंसेक्स 600 अंकों से अधिक क्रैश होकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी गोता लगाकर 26,000 के नीचे आ गया। सोमवार को रुपया 16 पैसा गिरकर एक बार फिर नब्बे पार कर 90.11 प्रति डॉलर पर आ गया।
बीएसई सेंसेक्स 0.71 फीसदी टूटकर 85,102.69 के स्तर पर हुआ बंद
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 609.68 अंक या 0.71 फीसदी टूटकर 85,102.69 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 225.90 अंक या 0.86 फीसदी गिरकर 25,960.55 के स्तर पर बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में इससे भी तेज गिरावट दिखी। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.73 फीसदी और बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 2.20 फीसदी टूट गया। यह गिरावट इतनी तेज थी कि निवेशकों के दिन भर में करीब 7.5 लाख करोड़ रुपये डूब गए।
शेयर बाजार में आज की यह गिरावट चौतरफा रही। सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट डिफेंस, रियल्टी, कैपिटल गुड्स, यूटिलिटी और इंडस्ट्रियल शेयरों में दिखी। आईटी और बैकिंग शेयरों के इंडेक्स भी लाल निशान में रहे।
विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से कमजोर हुआ सेंटीमेंट
मार्केट विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से शेयर बाजार का सेंटीमेंट कमजोर हुआ। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बुधवार को आने वाली पॉलिसी नतीजों से पहले भी निवेशक जोखिम से बचते दिखे। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में सोमवार को ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 0.13% बढ़कर 63.83 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बीएसई में निवेशकों की संपत्ति में करीब 7.31 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है। लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 463.65 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 470.96 लाख करोड़ रुपये रहा था।
955 शेयर तेजी के साथ हुए बंद, 3,347 शेयरों में दिखी गिरावट
बीएसई पर कारोबार के दौरान आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,485 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 955 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 3,347 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 183 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 88 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 527 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
आज के चढ़ने वाले शीर्ष शेयर
सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों में से केवल 3 कंपनियों के शेयर ही आज हरे निशान में बंद हुए। सबसे अधिक टेक महिंद्रा के शेयर 1.40 प्रतिशत के उछाल के साथ बंद हुए, जबकि रिलायंस में 0.11 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। इसके अलावा, HDFC Bank के शेयर फ्लैट बंद हुए।
आज के गिरने वाले शीर्ष शेयर
बीएसई पर आज सबसे अधिक गिरावट BEL के शेयरों ने दर्ज की है। यह 4.97 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ, जबकि इटरनल 2.45 प्रतिशत कमजोर होकर बंद हुआ। इसके बाद ट्रेंट के शेयर 2.35 प्रतिशत और टाटा स्टील के शेयर 2.18 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं, बजाज फाइनेंस में 2.12 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई है। इटरनल, ट्रेंट के शेयरों में 2.14 फीसदी से लेकर 2.53 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/bihar-nda-mps-met-pm-modi-expressed-gratitude-for-the-election-victory/100425