शेयर बाजार में लौटी रौनक: सेंसेक्स 480 अंक उछला, निफ्टी 22,750 के पार बंद; मेटल और फार्मा में खरीदारी
मुंबई (महाराष्ट्र)। भारतीय शेयर बाजार सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को हरे निशान में बंद हुए। सेंसेक्स 482.92 अंकों की जोरदार छलांग के साथ 73,606.75 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 22,750 के अहम स्तर को पार करते हुए 22,753.20 पर टिक गया।
बाजार की इस तेजी को पूरे बाजार के सेंटीमेंट में किसी बड़े सुधार के बजाय, मुख्य रूप से मेटल, फार्मास्यूटिकल्स और हेल्थकेयर सेक्टर में चुनिंदा खरीदारी का समर्थन मिला। बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) के सभी प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए।
किन शेयरों में रही तेजी और गिरावट?
बीएसई पर एटरनल, अडानी पोर्ट्स, कोटक बैंक, टाटा स्टील, रिलायंस और आईसीआईसीआई बैंक जैसे शेयर टॉप गेनर्स में शामिल रहे। वहीं, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा और मारुति सुजुकी पर बिकवाली का दबाव देखा गया। एनएसई पर भी डॉ. रेड्डी, जेएसडब्ल्यू स्टील और हिंडाल्को ने शानदार प्रदर्शन किया।
कच्चे तेल और रुपये का हाल
रिपोर्ट लिखे जाने के समय ब्रेंट क्रूड करीब 114.65 डॉलर और क्रूड ऑयल 101.07 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था। PL कैपिटल के चीफ बिजनेस ऑफिसर विक्रम कसाट के मुताबिक, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और डॉलर के मुकाबले रुपये का 95.19 के स्तर तक गिरना महंगाई और कॉर्पोरेट मार्जिन के लिए बड़ा जोखिम बना हुआ है।
विशेषज्ञों की सलाह और आगे की राह
मार्केट एनालिस्ट विपिन डिक्सना का कहना है कि यह तेजी उत्साहजनक है, लेकिन बाजार ने कोई पक्का निचला स्तर (बॉटम) बना लिया है, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। निवेशकों को तिमाही नतीजों और वैश्विक संकेतों पर पैनी नजर रखनी चाहिए। निफ्टी के लिए 22,600-22,700 का स्तर अहम सपोर्ट जोन बना हुआ है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और हमलों के बीच 115 डॉलर के पार ब्रेंट क्रूड, वैश्विक ऊर्जा बाजारों में हड़कंप