अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच युद्धविराम

युद्धविराम की उम्मीद से शेयर मार्केट में तेजी जारी, 753 अंक चढ़ा सेंसेक्स

Stock markets continue to rise on hopes of a ceasefire

मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच युद्धविराम को आगे बढ़ाने और पाकिस्तान में समझौता वार्ता शुरू होने की उम्मीद से भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी रौनक देखने को मिली। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते मंगलवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स 753 अंक चढ़ा, निफ्टी 24550 के पार पहुंचा

दिन के कारोबार के अंत में सेंसेक्स 753.03 अंक यानी 0.96 फीसदी की तेजी के साथ 79,273.33 पर बंद हुआ। इसी के साथ निफ्टी 211.75 अंक यानी 0.87 फीसदी चढ़कर 24,576.60 पर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.5 प्रतिशत की बढ़त हुई और स्मॉलकैप इंडेक्स में लगभग 1 प्रतिशत की तेजी आई।

बैंकिंग शेयरों ने संभाली बाजार की कमान

स्टॉक एक्सचेंज पर मंगलवार को सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी बैंक इंडेक्स 789 अंक उछलकर 57,371 पर बंद हुआ। इससे साफ हो गया कि बाजार की कमान आज बैंकों के हाथ में रही। वित्तीय सेक्टर के शेयर सबसे ज्यादा चढ़ने वालों में शामिल रहे। ICICI बैंक, Axis बैंक, HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस ने इस सेक्टर को ऊपर ले जाने में अहम योगदान दिया। मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 37 पैसे कमजोर होकर 93.49 पर बंद हुआ। सोमवार को रूपया 93.12 पर बंद हुआ था।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिला सपोर्ट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज कच्चे तेल के भाव में आयी कमी से ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर के नीचे पहुंच गया। बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल (Brent Crude) की कीमत लगभग $94-$95 प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा। इसी प्रकार WTI क्रूड ~$86.62 - $87.31 प्रति बैरल के बीच बना रहा। भारत में MCX पर कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमत लगभग ₹8,100 से ₹8,300 प्रति बैरल के बीच कारोबार कर रही है।

निफ्टी के लिए अहम स्तर: 24,600 बना रेसिस्टेंस

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी के लिए अब 24,600 के स्तर पर एक अवरोध (Resistance) बना हुआ है। यदि बाजार इस स्तर को पार कर वहां टिकने में सफल रहता है, तो निफ्टी जल्द ही 24,850 और उसके बाद 25,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर को छू सकता है। नीचे के स्तर पर निफ्टी का 24,350–24,400 का स्तर अब एक मजबूत सपोर्ट जोन बन गया है।

निवेशकों की संपत्ति में ₹3 लाख करोड़ का इजाफा

मंगलवार के कारोबार में निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹3 लाख करोड़ का इजाफा हुआ। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर ₹469 लाख करोड़ के करीब पहुंच गया। ये पिछले सेशन में लगभग ₹466 लाख करोड़ था। इस प्रकार BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज ₹2.97 लाख करोड़ बढ़ गया है।

बाजार में चौतरफा खरीदारी, कई शेयर नए उच्च स्तर पर

हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन 2531 शेयरों में मजबूती दिखी। बीएसई पर आज 4453 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1760 शेयरों में गिरावट दिखी जबकि 162 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 153 शेयर एक साल के हाई और 23 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 7 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 9 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए। सेंसेक्स पर लिस्टेड 30 शेयरों में से 17 शेयर चढ़कर बंद हुए। इनमें से सबसे अधिक तेजी आज ट्रेंट, एचयूएल और आईसीआईसीआई बैंक में रही। इसके अलावा बीईएल और टाइटन में आज सबसे अधिक गिरावट रही।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/indias-infra-investment-set-for-major-surge/176214

भारत में इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश में जबरदस्त उछाल की उम्मीद