टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की अक्टूबर 2026 में क

Tata Motors Sales: टाटा मोटर्स की कुल बिक्री में 23% का उछाल, EV की हिस्सेदारी बढ़कर हुई 21.5%

Representative Image

नई दिल्ली। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड की कुल यात्री वाहन बिक्री अक्टूबर 2026 में सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 75,426 यूनिट पर पहुंच गई है। कंपनी द्वारा रविवार को स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी के मुताबिक, इस शानदार बढ़ोतरी की मुख्य वजह घरेलू बाजार में मजबूत मांग और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बिक्री में आया बड़ा उछाल है।

घरेलू और विदेशी बाजारों में रिकॉर्ड बिक्री

कंपनी ने पिछले साल अक्टूबर 2025 में कुल 61,295 यूनिट्स की बिक्री की थी, जो इस साल बढ़कर 75,426 यूनिट हो गई।

मासिक बिक्री रिपोर्ट में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने कहा, "हमने अक्टूबर 2026 में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 75,426 यूनिट की कुल बिक्री दर्ज की है, जो पिछले साल की समान अवधि के 61,295 यूनिट के मुकाबले 23% की सालाना वृद्धि दर्शाती है।"

इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में 75 फीसदी की रफ्तार

अक्टूबर के दौरान टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग में सबसे तेज रफ्तार देखी गई। बीते महीने ईवी बिक्री 75 प्रतिशत बढ़कर 16,244 यूनिट पर पहुंच गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 9,286 यूनिट था।

इन आंकड़ों में कंपनी की सब्सिडियरी 'टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड' की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बिक्री शामिल हैं।

डोमेस्टिक और एक्सपोर्ट मार्केट का हाल

घरेलू पैसेंजर व्हीकल बाजार की बात करें तो कंपनी की बिक्री 21 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 73,894 यूनिट दर्ज की गई, जो पिछले साल अक्टूबर में 61,134 यूनिट थी।

दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय बाजार (एक्सपोर्ट) में कंपनी ने 852 प्रतिशत की भारी बढ़त हासिल की। पिछले साल के 161 यूनिट के मुकाबले इस बार 1,532 गाड़ियों का निर्यात किया गया। हालांकि, यह उछाल काफी कम आधार (लो बेस) की वजह से प्रतिशत में इतना बड़ा दिख रहा है।

कुल बिक्री में बढ़ा EV का दबदबा

अक्टूबर के आंकड़ों से साफ होता है कि टाटा मोटर्स के ओवरऑल पैसेंजर व्हीकल बिजनेस के मुकाबले इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री काफी तेजी से बढ़ी है।

अक्टूबर 2026 में कंपनी की कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर 21.5 प्रतिशत हो गई, जो अक्टूबर 2025 में 15.1 प्रतिशत थी।

पुनर्गठन के बाद नई पहचान

टाटा मोटर्स अपने ग्राहकों को पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक जैसे विभिन्न पावरट्रेन विकल्पों में पैसेंजर कारों और एसयूवी का व्यापक पोर्टफोलियो पेश करती है।

कमर्शियल और पैसेंजर व्हीकल व्यवसायों के पुनर्गठन के बाद, पूर्व में टाटा मोटर्स लिमिटेड के नाम से जानी जाने वाली यह कंपनी अब टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के रूप में एक अलग सूचीबद्ध इकाई के तौर पर काम कर रही है। (इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: Tata Motors और VECV की वाणिज्यिक वाहन बिक्री में बंपर उछाल, अक्टूबर में दर्ज की दोहरे अंकों की वृद्धि