शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी दिन भी तेजी का माहौल
Indian stock market : भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को भी हफ्ते के अंतिम दिन तेजी देखने को मिली। US फेड द्वारा इंटरेस्ट रेट्स में 25 bps की कमी की है, जो इस साल का तीसरा रेट कट है। इससे ग्लोबल मार्केट में पॉजिटिव संकेत मिले और खरीददारी हावी रही। इस दौरान घरेलू कंपनियों ने वैल्यू स्टाक में खरीददारी की। इस वजह से सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार दूसरे सेशन में बढ़त देखने को मिली।
कारोबार के अंत सेंसेक्स 450 अंक या 0.53 फीसदी बढ़कर 85,267.66 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 148 अंक या 0.57 फीसदी बढ़कर 26,046.95 पर बंद हुआ। BSE मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.14 फीसदी और 0.65 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।
शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 9 पैसे गिरकर सर्वकालिक निचले स्तर 90.41 पर बंद हुआ। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 0.05 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 61.25 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 2,020.94 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,796.07 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइज़ेशन पिछले सेशन के 466.6 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 470 लाख करोड़ रुपए से ज़्यादा हो गया, जिससे इन्वेस्टर्स की वेल्थ एक ही सेशन में 3 लाख करोड़ से ज़्यादा बढ़ गई।
सेक्टोरल आधार पर नजर डालें तो बेस और कीमती मेटल्स में लगातार तेजी और US डॉलर में कमजोरी की वजह से मेटल स्टॉक्स की डिमांड बढ़ी, जिससे निफ्टी मेटल इंडेक्स 2.63 फीसदी बढ़त के साथ टॉप सेक्टोरल परफॉर्मर रहा। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स भी 1.53 फीसदी की अच्छी बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स,निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी केमिकल्स और निफ्टी ऑटो इंडेक्स में 0.60-1.46 फीसदी की तेजी रही। हालांकि, निफ्टी FMCG में 0.24 फीसद की मामूली गिरावट आई। एनएसई पर 3,196 शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,072 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,036 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा 88 शेयरों के रेट में कोई अंतर नहीं आया।
आज चढ़ने वाले शीर्ष शेयर
शेयर मार्केट में टाटा स्टील का शेयर आज करीब 5.62 रुपये की तेजी के साथ 172 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा हिन्डाल्को का शेयर आज करीब 26.85 रुपये की तेजी के साथ 851.20 रुपये, इटरनल का शेयर आज करीब 6.90 रुपये की तेजी के साथ 297.85 रुपये, अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर आज करीब 258 रुपये की तेजी के साथ 11,730 रुपये के स्तर पर और लार्सन टुब्रो का शेयर आज करीब 68.90 रुपये की तेजी के साथ 4,072.80 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।
आज गिरने वाले शीर्ष शेयर
हिन्दुस्तान लीवर का शेयर आज करीब 41.60 रुपये की गिरावट के साथ 2,264 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। वहीं मैक्स हेल्थ का शेयर आज करीब 7.90 रुपये की गिरावट के साथ 1,080 रुपये के स्तर पर, सन फार्मा का शेयर आज करीब 13 रुपये की गिरावट के साथ 1,794.20 रुपये के स्तर पर, आईटीसी का शेयर आज करीब 2.20 रुपये की गिरावट के साथ 400.70 रुपये के स्तर पर और एशियन पेंट्स का शेयर आज करीब 14.40 रुपये की गिरावट के साथ 2,765 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।