टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 4 आरोपी गिरफ्तार, मुंबई पुलिस को मिली 3 दिन की ट्रांजिट रिमांड
नई दिल्ली: अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी कथित फायरिंग की घटना में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किए जाने के बाद मुंबई पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) को उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मिल गई। कोर्ट ने आगे की जांच के लिए चारों आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड भी मंजूर की है। दिल्ली पुलिस की नॉर्दर्न रेंज (NDR) की स्पेशल सेल ने इस मामले में चार लोगों को पकड़ा है। आरोपियों की पहचान कुणाल (21) और सुमित (19) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं। वहीं, राधा (23) और बबीता (23) उत्तर प्रदेश की निवासी हैं।
अमृतसर से पिस्टल और गोलियां लाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, कुणाल हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोप है कि हरियाणा के हरसाना गांव के एक दोस्त ने उसकी मुलाकात अनिल पंडित से कराई थी। इसके बाद कुणाल ने एक एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन के जरिए अनिल पंडित से बातचीत शुरू की। पुलिस के अनुसार, अनिल पंडित के कहने पर कुणाल कथित तौर पर अमृतसर से एक पिस्टल और 20 राउंड गोलियां लेकर आया था।
दो महिलाओं को हथियार के साथ मुंबई भेजने का आरोप
पुलिस की ओर से बताए गए घटनाक्रम के मुताबिक, करीब दो महीने पहले कुणाल की मुलाकात राधा से हुई थी। आरोप है कि कुणाल ने उसे अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और हथियार के साथ मुंबई जाने के लिए राजी किया। 15 अक्टूबर को कुणाल, राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर गया। पुलिस का दावा है कि पिस्टल राधा के बैग में रखी हुई थी। यात्रा के दौरान कुणाल एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन के जरिए दोनों महिलाओं के संपर्क में रहा और उन्हें अनिल पंडित से मिले निर्देश भेजता रहा।
दादर के होटल के पास बैग लेने पहुंचा नाबालिग
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को राधा और बबीता मुंबई के दादर पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। आरोप है कि उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर चला गया। इसके अगले दिन, 18 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना की सूचना मिली। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर कुणाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंसे हुए हैं। उसने कुणाल से उनके भागने का इंतजाम करने को भी कहा। इसी दिन राधा और बबीता कथित तौर पर दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस से मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।
दिल्ली और सोनीपत से पकड़े गए चारों आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जबकि कुणाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से हिरासत में लिया गया। शुरुआत में चारों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(1)(b) के तहत कलंद्रा के जरिए कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद मुंबई पुलिस की CID ने आरोपियों से पूछताछ और उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। कोर्ट ने मुंबई पुलिस की अर्जी स्वीकार कर ली, जिसके बाद चारों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद अदालत ने आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दे दी। फिलहाल, आरोपियों की कथित भूमिका और टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना से उनके संबंधों की जांच की जा रही है।
(एएनआई)
ये भी पढ़ें: कॉकरोच का पुतला जलाने पर सियासी घमासान, कपिल मिश्रा बोले- 'राजनीतिक दीमकों को दर्द हो रहा है'