असम बाढ़ पर भावुक हुईं आलिया भट्ट, बोलीं- हर साल यही दर्द क्यों?
मुंबई: असम में भीषण बाढ़ से हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। इस बीच बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति चिंता जताते हुए तत्काल राहत और लंबे समय तक सहयोग की अपील की है।
आलिया ने जताई चिंता
आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस समय देश के कई हिस्से बाढ़ से प्रभावित हैं, लेकिन असम सबसे ज्यादा मुश्किल दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि 60 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, लाखों लोग बेघर हो गए हैं और कई परिवारों ने अपने घर, जमीन, पशुधन और प्रियजनों को खो दिया है।
'हर साल ऐसा होता है, फिर भी हम चौंक जाते हैं'
अभिनेत्री ने कहा कि असम में हर साल बाढ़ आती है, लेकिन इसके बावजूद हर बार तबाही लोगों को झकझोर देती है। उन्होंने कहा कि राज्य को अभी तत्काल राहत की जरूरत है और प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए लंबे समय तक समर्थन की आवश्यकता होगी। आलिया ने यह भी बताया कि वह जल्द ही लोगों को असम की मदद करने के तरीकों की जानकारी साझा करेंगी।
3.32 लाख से अधिक लोग प्रभावित
बाढ़ ने असम के 21 राजस्व सर्किलों के 622 गांवों में 3,32,639 लोगों को प्रभावित किया है। मंगलवार को शिवसागर जिले में सात और लोगों की मौत के बाद बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है। बढ़ते नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रभावित परिवारों के लिए बड़े राहत पैकेज की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुई मौत के मामलों में 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि के लिए अब पोस्टमार्टम अनिवार्य नहीं होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने की भी घोषणा की गई है। इस तरह मृतकों के परिजनों को कुल 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। वहीं, 30 दिनों से अधिक समय से लापता लोगों के परिवार भी 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि के पात्र होंगे।
कृषि को भी भारी नुकसान
डीआरआईएमएस रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ के कारण 45,341.98 हेक्टेयर फसल क्षेत्र जलमग्न हो गया है। वहीं, नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे आसपास के इलाकों में खतरा बना हुआ है।
(ANI)
यह भी पढ़े: इमली के जीनोम से खुला स्वाद और औषधीय गुणों का रहस्य, भारतीय वैज्ञानिकों की बड़ी खोज