अटारी-वाघा बॉर्डर पहुंचे आयुष्मान-सारा, स्वर्ण मंदिर में मत्था टेककर फिल्म 'उड़ता तीर' का किया प्रमोशन
अमृतसर (पंजाब)। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान इन दिनों अपनी अपकमिंग स्पाई-कॉमेडी फिल्म 'उड़ता तीर' के प्रमोशन में जुटे हैं। इसी सिलसिले में दोनों सितारे पंजाब के अटारी-वाघा बॉर्डर पहुंचे और ऐतिहासिक 'बीटिंग रिट्रीट' समारोह में शामिल हुए।
अटारी बॉर्डर पर बीता पल
प्रमोशनल टीम के साथ पहुंचे कलाकारों ने वहां मौजूद भीड़ और सुरक्षाकर्मियों से मुलाकात की। झंडा उतारने की रस्म के दौरान आयुष्मान और सारा ने भी देशभक्ति के नारों में जोश के साथ हिस्सा लिया। यह फिल्म इस शुक्रवार यानी 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।
BSF जवानों को किया सलाम
बॉर्डर दौरे के बाद अभिनेत्री सारा अली खान ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "कितने गर्व की बात है। BSF के प्रति हमारा गहरा आभार और सम्मान। आपका बलिदान और ताकत हम सभी को प्रेरित करती है। सलाम!" इसके अलावा अपने फीड पर एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "हमारे BSF जवानों पर गर्व है। उनकी ताकत और बलिदान हमें सुरक्षा देते हैं। नायकों को सलाम!"
गोल्डन टेंपल में टेका मत्था
सीमा पर जाने से पहले दोनों कलाकारों ने अमृतसर के प्रसिद्ध श्री दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) पहुंचकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों सह-कलाकार मैचिंग व्हाइट एथनिक आउटफिट में नजर आए।
खास है स्टार कास्ट
फिल्म 'उड़ता तीर' से आकाश ए. कौशिक बतौर निर्देशक अपनी पारी की शुरुआत कर रहे हैं। फिल्म में आयुष्मान और सारा के अलावा राहुल बोस, राम कपूर, गुलशन ग्रोवर, रघुबीर यादव और सुप्रिया पिलगांवकर जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचीन जैन ने संयुक्त रूप से किया है। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: ‘धूम’, ‘डॉन’ से ‘फर्जी’ तक, ‘चार यार’ से पहले दोबारा जरूर देखें क्राइम की दुनिया की ये 7 दमदार कहानियां