'पुष्पा' फेम मशहूर संगीतकार देवी श्री प्रसाद (DSP)

'पुष्पा' फेम संगीतकार DSP का अभिनय में डेब्यू, 'येल्लम्मा' का फर्स्ट लुक जारी; जानें रिलीज डेट

Yellamma poster

हैदराबाद (तेलंगाना)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार देवी श्री प्रसाद (DSP) अब बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी का जादू चलाने के लिए तैयार हैं। वे आगामी फिल्म 'येल्लम्मा' के साथ बतौर मुख्य अभिनेता अपने करियर की नई शुरुआत कर रहे हैं। निर्माताओं ने बुधवार को फिल्म का पहला पोस्टर (फर्स्ट लुक) जारी करने के साथ ही इसकी आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा कर दी है।

फिल्म में पर्शी के किरदार में नजर आएंगे DSP

सामने आए फर्स्ट लुक में DSP बिल्कुल अलग और अनोखे अवतार में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में उनके किरदार का नाम 'पर्शी' है। 'बलगाम' जैसी सराही गई फिल्म बना चुके निर्देशक वेणु येल्डंडी ने ही 'येल्लम्मा' की कहानी लिखी है और वही इसका निर्देशन भी कर रहे हैं।

वर्तमान में फिल्म की शूटिंग तेजी से चल रही है। निर्माताओं की योजना इसे केवल तेलुगु तक सीमित रखने की नहीं है। यह फिल्म तेलुगु के अलावा तमिल, हिंदी, मलयालम और कन्नड़—कुल पांच भाषाओं में एक साथ सिनेमाघरों में उतारी जाएगी।

श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स के बैनर तले निर्माण

'श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स' के बैनर तले बन रही इस फिल्म को जाने-माने निर्माता दिल राजू प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता शिरीष हैं। अभिनेता के तौर पर DSP की यह पहली फिल्म है, जिसे लेकर उनके प्रशंसकों में भारी उत्साह है।

निर्माताओं ने सबसे पहले जनवरी 2026 में इस प्रोजेक्ट का ऐलान किया था और बाद में इसकी एक छोटी सी झलक साझा की थी। हालांकि, कहानी और अन्य स्टारकास्ट से जुड़ी जानकारियां अभी गुप्त रखी गई हैं, लेकिन झलक से साफ है कि फिल्म की पृष्ठभूमि पूरी तरह ग्रामीण और जमीनी है।

'पुष्पा' के संगीत से पाई थी राष्ट्रीय पहचान

देवी श्री प्रसाद भारतीय सिनेमा का एक बड़ा नाम हैं। उन्होंने अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पुष्पा: द राइज' में अपने संगीत से पूरे देश को थिरकने पर मजबूर कर दिया था। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है।

वेणु येल्डंडी के निर्देशन और DSP के अभिनय से सजी फिल्म 'येल्लम्मा' 5 मार्च 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को पुलिस की मंजूरी नहीं, 30 अक्टूबर को JLN स्टेडियम में होना था शो