'जय हिंद जय सिंध' युवाओं के लिए संदेश है: फिल्म निर्माता इंद्रजीत लंकेश
मुंबई (महाराष्ट्र)। फिल्म निर्माता इंद्रजीत लंकेश ने अपनी आगामी फिल्म ‘जय हिंद जय सिंध’ को लेकर कहा है, कि यह फिल्म युवाओं के लिए एक मजबूत और प्रेरणादायक संदेश लेकर आती है। "यह फिल्म लोगों के आसपास व्याप्त नफरत का जवाब है। यह अपने किरदारों के सफर के माध्यम से मानवता और सहअस्तित्व की बात करती है।"
प्यार, जीवन और रिश्तों से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश
उन्होंने बताया कि यह मूल रूप से एक प्रेम कहानी है, जिसमें एक युवा किरदार के जीवन और उसके परिपक्व होने की यात्रा को दिखाया गया है। उनके अनुसार फिल्म में आज की पीढ़ी यानी जेनरेशन Z के लिए प्यार, जीवन और रिश्तों से जुड़े कई महत्वपूर्ण संदेश शामिल हैं।
फिल्म का मुख्य फोकस आधुनिक प्रेम कहानी
लंकेश ने यह भी बताया, कि फिल्म में विभाजन और सिंध क्षेत्र की पृष्ठभूमि को कहानी के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में दिखाया गया है। परंतु, यह पूरी तरह विभाजन पर आधारित फिल्म नहीं है। उनके अनुसार इसका मुख्य फोकस एक आधुनिक प्रेम कहानी है, जिससे आज के दर्शक जुड़ सके। उन्होंने कहा, कि यह फिल्म समाज में बढ़ती नफरत के बीच मानवता और सह-अस्तित्व का संदेश देती है और अपने किरदारों के सफर के जरिए सकारात्मक सोच को सामने लाती है।
तीन दशक से कन्नड़ और हिंदी सिनेमा में सक्रिय हैं इंद्रजीत
करीब तीन दशकों से कन्नड़ और हिंदी सिनेमा में सक्रिय इंद्रजीत लंकेश ने इसे अपने करियर की सबसे संतोषजनक परियोजनाओं में से एक बताया है। फिल्म का निर्माण सैमी एंटरटेनमेंट के तहत सैमी नानवानी द्वारा किया गया है, जिसमें महेश मांजरेकर, जया प्रदा, जरीना वहाब, राहुल देव, विक्रम कोचर, इंदिरा तिवारी, छाया कदम, अमित बहल, उपासना सिंह सहित कई कलाकार और नए चेहरे शामिल हैं। निर्माता सैमी नानवानी का उद्देश्य इस फिल्म के माध्यम से भारत की विविधता और सिंधी समुदाय की विरासत को आधुनिक कहानी शैली में प्रस्तुत करना है। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 7-1 से हराया