इंडियन आइडल 16 की विजेता बनीं ज्योतिर्मयी नायक, सपनों को मिली नई उड़ान
मुंबई (महाराष्ट्र): ज्योतिर्मयी नायक ने इंडियन आइडल सीजन 16 जीत लिया है। कई महीनों तक गायन रियलिटी शो में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद वह विजेता बनकर उभरी हैं।
फिनाले में दी शानदार प्रस्तुति
ज्योतिर्मयी ने 'सैयां ओ सैयां' गाने की प्रस्तुति के साथ इंडियन आइडल में अपने सफर का समापन किया। शो के दौरान उन्हें 'ओ जब तक है जान जाने जहां मैं नाचूंगी' गाने की प्रस्तुति के लिए भी खूब सराहना मिली, जिस पर दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने खड़े होकर तालियां बजाईं।
दिग्गज कलाकारों ने की जमकर तारीफ
'जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं' गाने की उनकी प्रस्तुति से लीना चंदावरकर भी प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा कि वह ज्योतिर्मयी की आवाज में इस मशहूर गाने को सुनना चाहेंगी। इंडियन आइडल में आने से पहले ज्योतिर्मयी ओडिया संगीत जगत में एक गायिका थीं। उन्होंने संगीत चिकित्सा के माध्यम से कैंसर रोगियों के साथ भी काम किया था।
जीत के बाद जताई खुशी
शो जीतने के बाद ज्योतिर्मयी ने अपने सफर के बारे में बात की और अपने परिवार, जजों, शो की टीम और उनका समर्थन करने वाले दर्शकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "इंडियन आइडल सीजन 16 जीतना बिल्कुल अविश्वसनीय लग रहा है। ऑडिशन में सिर्फ एक सपने के साथ कदम रखने से लेकर विजेता के रूप में यहां खड़े होने तक, यह सफर सचमुच जीवन बदलने वाला रहा है। हर परफॉर्मेंस ने मुझे एक बेहतर गायिका, कलाकार और इंसान बनने के लिए प्रेरित किया, और मैंने इस दौरान जो कुछ भी सीखा है, उसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगी।"
ग्रैंड फिनाले में सजे कई सितारे
ग्रैंड फिनाले में जजों श्रेया घोषाल और बादशाह के साथ-साथ उषा उथुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज गिल और उर्मिला मातोंडकर सहित कई अन्य विशेष अतिथि मौजूद थे। इंडियन आइडल के 16वें सीजन की थीम 'यादों की प्लेलिस्ट' थी और इसमें विभिन्न युगों के लोकप्रिय गानों पर प्रस्तुतियां दी गईं।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: लाल मास्क और खंजर के साथ 'द ट्रेटर्स' की वापसी, नए सीजन का टीजर जारी