वेब सीरीज 'Brown' को करिश्मा कपूर ने पहले क्यों कर दिया था मना? अभिनेत्री ने खुद किया खुलासा
मुंबई (महाराष्ट्र)। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा कपूर जल्द ही एक नए और चौंकाने वाले अवतार में नजर आने वाली हैं। उनकी आगामी वेब सीरीज 'Brown' का ट्रेलर शनिवार को रिलीज हुआ है। यह एक 'नियो-नॉयर साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर' सीरीज है, जिसमें करिश्मा एक बिल्कुल अलग और रफ-टफ अंदाज में दिखेंगी। हालांकि, करिश्मा ने खुद एक इंटरव्यू में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि शुरुआत में वे इस प्रोजेक्ट को करने को लेकर हिचकिचा रही थीं।
इस वजह से करिश्मा ने पहले ठुकरा दिया था प्रोजेक्ट
ANI से खास बातचीत में करिश्मा कपूर ने बताया कि, "मैंने पहले 'ब्राउन' में काम करने से इंकार कर दिया था। मेरे दिमाग में पहला ख्याल यही आया था कि मैं इतने दिनों के लिए कोलकाता कैसे जाऊंगी? बस इसी वजह से मैंने मना कर दिया था। फिर मेरी मुलाकात अभिनय (देव) से हुई। भूमिका, किरदार और उसकी सहजता के बारे में सुनकर मैंने हां कह दी और आज मैं यहां हूं। यह मेरे लिए बहुत चुनौतीपूर्ण और रोमांचक था।"
दिल को छूने वाली स्क्रिप्ट पर ही भरती हूं हामी: करिश्मा कपूर
करिश्मा ने कहा कि यह एक ऐसी महिला का किरदार है जो अंदर से पूरी तरह टूटी हुई है लेकिन उतनी ही मजबूत भी है। उसमें एक तरफ सख्ती है तो दूसरी तरफ कशिश भी। मुझे पूरा भरोसा है कि दर्शक इस किरदार के इस अनोखेपन को जरूर पसंद करेंगे।" करिश्मा ने सिनेमा जगत में अपने लंबे सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद कम उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। आज के समय में काम को लेकर उनका नजरिया काफी बदल चुका है। उन्होंने कहा, "जब मैंने काम करना शुरू किया था तब मैं बहुत छोटी थी। मेरी काम करने की गति अलग है। मेरा मिजाज अलग है। अगर कोई स्क्रिप्ट या रोल मेरे दिल को छू जाता है तो ही मैं उसे करती हूं, वरना नहीं।" (ANI)
यह भी पढ़ें: तुर्किये में गार्डरेल से टकराकर टूरिस्ट बस में लगी आग, एक मासूम समेत 8 की मौत व 33 घायल