नीता अंबानी ने NMACC में लॉन्च की ‘द लाइब्रेरी’, करीना-सैफ और शाहिद-मीरा समेत कई सितारे पहुंचे
मुंबई (महाराष्ट्र): किताबों, सिनेमा, संस्कृति और संवाद को एक मंच पर लाते हुए रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक-अध्यक्ष नीता अंबानी ने नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में ‘द लाइब्रेरी’ का शुभारंभ किया। इस खास मौके पर बॉलीवुड और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। लाइब्रेरी के लॉन्च इवेंट में ईशा अंबानी भी स्टाइलिश अंदाज में नजर आईं। उन्होंने इस अवसर पर ब्रोकेड टॉप के साथ डेनिम जींस पहनी थी। अपने लुक को उन्होंने कम से कम एक्सेसरीज के साथ पूरा किया और लंबे बालों को खुला रखा।
करीना-सैफ और शाहिद-मीरा समेत कई सितारे पहुंचे
इस शाम बॉलीवुड के स्टार दंपती करीना कपूर और सैफ अली खान, शाहिद कपूर और उनकी पत्नी मीरा राजपूत भी शामिल हुए। इनके अलावा विक्रांत मैसी, राजकुमार राव, फिल्म निर्माता राजकुमार हिरानी, सोनाली कुलकर्णी और वेदिका पिंटो भी कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम में किम शर्मा और सोहा अली खान भी नजर आईं। वहीं, काजोल, न्यासा देवगन, मनीष मल्होत्रा, कुशा कपिला, ओरी और फिल्म निर्माता विधु विनोद चोपड़ा ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
नीता अंबानी के ब्रोच ने खींचा ध्यान
NMACC ने इस उद्घाटन की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं। इसके साथ ही नीता अंबानी के खास आभूषण के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने प्रसिद्ध ज्वेलरी आर्टिस्ट वालेस चैन का बनाया हुआ ‘सोरिंग स्पिरिट’ ब्रोच पहना था। NMACC के कैप्शन के मुताबिक, ‘द लाइब्रेरी’ के उद्घाटन के मौके पर पहना गया यह ब्रोच किताबों, बातचीत और भोजन के इस नए ठिकाने के लिए खास था। ड्रैगनफ्लाई यानी व्याध पतंग से प्रेरित यह आभूषण सपनों, स्वतंत्रता और असीम संभावनाओं का प्रतीक है। कैप्शन में बताया गया कि यह कलाकृति परिवर्तन, आश्चर्य और खोज की सुंदरता को भी दर्शाती है।
युवाओं में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना है उद्देश्य
मेहमानों का स्वागत करते हुए नीता अंबानी ने कहा कि लाइब्रेरी किताबों, बातचीत और अच्छे भोजन के लिए एक जगह है। उन्होंने कहा, "हम युवा पीढ़ी में किताबों और पढ़ने के आनंद को वापस लाना चाहते हैं।" ‘द लाइब्रेरी’ का उद्देश्य किताबों, बातचीत और साझा अनुभवों के जरिए लोगों को एक साथ लाना है। यह साहित्य और संस्कृति के माध्यम से लोगों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही संवाद और मेल-जोल के लिए भी एक खास जगह उपलब्ध कराएगी।
ये भी पढ़ें: भारतीय नौसेना में AI, क्वांटम विज्ञान और स्वायत्त तकनीकों का बढ़ता इस्तेमाल