प्राइम वीडियो की सीरीज चार यार 23 अक्टूबर 2026 को होगी रिलीज, दोस्ती और क्राइम के साथ दिखेंगे जबरदस्त ट्विस्ट
मुंबई (महाराष्ट्र)। प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी हिंदी ओरिजिनल सीरीज चार यार के ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्रीमियर की घोषणा कर दी है। आठ एपिसोड वाली यह सीरीज 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर में स्ट्रीम होगी। सीरीज में पूरव झा, नमन जैन, साकिब अय्यूब और प्रयाक मेहता मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ साई ताम्हणकर, सिकंदर खेर, दिव्येंदु भट्टाचार्य, राजेश तैलंग, चंकी पांडे और भगवती पेरुमल भी अहम किरदार निभाएंगे।
विनय वाइकुल ने किया सीरीज का निर्देशन
चार यार का निर्देशन विनय वाइकुल ने किया है, जबकि इसकी कहानी संबित मिश्रा और सौरभ सावंत ने लिखी है। सीरीज को श्याम, पिंक विंडो प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले तैयार किया गया है और इसे बीबीसी स्टूडियोज इंडिया ने डेवलप किया है। इसका निर्माण प्रणति नागरशेठ, नीरज नागरशेठ और पी.एस. ने किया है। सीरीज के क्रिएटर्स में विनय वाइकुल, एस. हुसैन जैदी, संबित मिश्रा और सौरभ सावंत शामिल हैं।
चार दोस्तों की जिंदगी और दोस्ती की कहानी
सीरीज की कहानी 2000 के शुरुआती दौर के मुंबई पर आधारित है। इसमें जय, टोनी, साहिल और समीर नाम के चार दोस्तों की जिंदगी दिखाई गई है, जो मध्यवर्गीय जीवन की चुनौतियों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और बेहतर भविष्य के सपनों के बीच अपनी राह तलाशते हैं। चारों दोस्त मुश्किल परिस्थितियों का मिलकर सामना करते हैं और उनकी दोस्ती हर चुनौती में उनका साथ देती है। हालांकि, हालात के बीच लिया गया एक बड़ा फैसला उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल देता है।
क्राइम, गैंगस्टर और पुलिस से बचने का संघर्ष
एक बड़े फैसले के बाद चारों दोस्त क्राइम, गैंगस्टर और पुलिस के पीछा करने जैसी परिस्थितियों में फंस जाते हैं। मुश्किल हालात से निकलने की उनकी कोशिश धीरे-धीरे जोखिम भरे सफर में बदल जाती है। इस दौरान उनका हर फैसला उन्हें खतरे के और करीब ले जाता है। ऐसे में दोस्ती ही उनका सबसे बड़ा सहारा बनती है और कहानी में कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलते हैं।
निखिल माधोक ने सीरीज को लेकर क्या कहा?
प्राइम वीडियो और अमेजन MGM स्टूडियोज इंडिया में ओरिजिनल्स (SVOD) के डायरेक्टर और हेड निखिल माधोक ने कहा कि चार यार में दोस्ती, सपनों को पूरा करने की चाह, हंसी-मजाक और अप्रत्याशित ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। उनके मुताबिक, ये सभी तत्व मिलकर सीरीज को मनोरंजक बनाते हैं। उन्होंने नए टैलेंट को मौका देने की अपनी प्रतिबद्धता का भी जिक्र किया और युवा मुख्य कलाकारों की परफॉर्मेंस की सराहना की।
माधोक ने निर्देशक विनय वाइकुल के काम करने के अंदाज की तारीफ करते हुए कहा कि उनके निर्देशन ने कहानी की दुनिया को एक अलग रंग दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राइम वीडियो 23 अक्टूबर को सीरीज के प्रीमियर के बाद दुनियाभर के दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है।
240 देशों और क्षेत्रों में होगी स्ट्रीमिंग
चार यार का प्रीमियर विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर हिंदी में होगा। यह सीरीज 23 अक्टूबर 2026 को भारत समेत दुनियाभर के कुल 240 देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। आठ एपिसोड की इस सीरीज में दोस्ती, पारिवारिक जिम्मेदारियों, अपराध और जोखिम भरे फैसलों के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानी देखने को मिलेगी।
ये भी पढ़ें: बिलासपुर में गरबा प्रमोशन के नाम पर आपत्तिजनक रील वायरल, युवतियों पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई