फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा की आगामी क्राइम ड्रामा

राम गोपाल वर्मा की ‘पुलिस कंपनी’ की रिलीज डेट घोषित, 4 जून 2027 को होगी रिलीज

Ram Gopal Varma ‘Police Company’ to Release June 4, 2027

मुंबई: फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा की आगामी क्राइम ड्रामा फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। हर्षवर्धन राणे स्टारर यह फिल्म 4 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में हर्षवर्धन मुंबई के चर्चित एनकाउंटर कॉप दया नायक की भूमिका निभाते नजर आएंगे।

फिल्म में नजर आएंगे कई दिग्गज कलाकार

‘पुलिस कंपनी’ में हर्षवर्धन राणे के साथ फरदीन खान, फातिमा सना शेख, परेश रावल, सौरभ शुक्ला, मकरंद देशपांडे और अश्विनी कालसेकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राम गोपाल वर्मा ने किया है। इसका निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और राम गोपाल वर्मा ने मिलकर किया है। गुलशन कुमार और टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म टी-सीरीज फिल्म्स और आरजीवी कंपनी का प्रोडक्शन है।

मुंबई अंडरवर्ल्ड और पुलिस ऑपरेशन की कहानी

आने वाली फिल्म राम गोपाल वर्मा की चर्चित क्राइम ड्रामा ‘कंपनी’ की दुनिया से भी जुड़ी है। इसमें मुंबई के अंडरवर्ल्ड और उसके खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की पृष्ठभूमि में एक नई कहानी दिखाई जाएगी। प्रेस रिलीज के मुताबिक, ‘पुलिस कंपनी’ सच्ची घटनाओं और वास्तविक जीवन के किरदारों से प्रेरित है। फिल्म उन असाधारण परिस्थितियों की कहानी पेश करेगी, जिनके चलते करीब 300 गैंगस्टरों के मारे जाने की घटनाएं हुईं। फिल्म की रिलीज डेट घोषित होने के बाद अब दर्शकों को इसके सिनेमाघरों में आने का इंतजार है। ‘पुलिस कंपनी’ 4 जून 2027 को रिलीज होगी।

(एएनआई)

ये भी पढ़ें: लिवरपूल की शानदार वापसी, 2 गोल से पिछड़ने के बाद विलारियल को 4-3 से हराया