9 सितंबर को 'द कन्फेशन ऑफ मैरी' की होगी स्क्रीनिंग, सच्ची घटना पर बनी फिल्म
मुंबई: फिल्म डायरेक्टर अनंत महादेवन ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'द कन्फेशन ऑफ मैरी' के बारे में बात की, जो 1966 में केरल में घटी एक सच्ची घटना पर आधारित है, जिसे मदाथारुवी कांड के नाम से जाना जाता है। इस घटना में कैथोलिक पादरी फादर बेनेडिक्ट ओनामकुलम को विधवा मरियाकुट्टी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और उन पर मुकदमा चलाया गया था।
किरदारों को तोड़-मरोड़कर पेश करना सही नहीं: अनंत महादेवन
ANI से बात करते हुए अनंत महादेवन ने वास्तविक लोगों और घटनाओं को ईमानदारी और वास्तविकता से चित्रित करने की अपनी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, विषय की बात नहीं कर रहा हूं, बल्कि उस पुरुष या महिला की। मेरा उस व्यक्ति के प्रति यह बुनियादी कर्तव्य है कि मैं उसे विकृत न करूं, उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश न करूं। इसलिए, मेरी फिल्मों में चाहे वह जीवनी हो, किसी घटना का वर्णन हो, या किसी घटना की जड़ तक पहुंचने वाली फिल्म हो, मैं हमेशा उसे यथासंभव ईमानदार, सच्चा और यथार्थवादी रखने की कोशिश करता हूं। इसलिए, मुझे आलोचना से डर नहीं लगता।
'फुले' की तरह इसमें भी सच्चाई को नाटकीय रूप दिया: अनंत महादेवन
महादेवन ने अपनी पिछली निर्देशित फिल्म 'फुले' का जिक्र करते हुए कहा कि यह दृष्टिकोण उन्हें आत्मविश्वास से भरपूर और आलोचना से बेखौफ रहने में मदद करता है। 'फुले' रिलीज के दौरान विवादों में घिरी थी। अनंत महादेवन ने आगे कहा, क्योंकि 'फुले' में भी यही हुआ था और मैंने सभी लोगों को जवाब दिए थे, क्योंकि मेरे पास जवाब थे, मेरे पास शोध सामग्री थी। इसी तरह, इसमें भी सब कुछ है। इसलिए, अगर आपको लगता है कि कितना सच है और कितना झूठ, तो मैं कहूंगा कि हां, हमने इसे नाटकीय रूप दिया है, लेकिन हमनें सच्चाई को नाटकीय रूप दिया है। निर्माता सुभाष काले ने टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में फिल्म की स्क्रीनिंग पर खुशी व्यक्त की।
टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर को लेकर मेकर्स उत्साहित
एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में हमारी फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर होना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। हमारे लिए यह एक बहुत बड़ी सफलता है और नाना जी (नाना पाटेकर) ने फिल्म में जो कुछ भी किया है, वह वाकई असाधारण है। यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का विषय है। कास्टिंग की बात करें तो, हमारे निर्देशक आनंद जी ने सब कुछ बखूबी संभाला है। सभी कलाकार रंगमंच के दिग्गज हैं, अपने-अपने क्षेत्र में माहिर हैं। जब अनंत जी के पास यह विषय आया, तो उन्होंने किरदारों की रूपरेखा का ध्यानपूर्वक अध्ययन किया और उसी के अनुसार प्रत्येक भूमिका के लिए कलाकारों का चयन किया। बता दें, फिल्म की स्क्रीनिंग 9 सितंबर को होगी।
(इनपुट: ANI)
ये भी पढ़ें- एशियाई गेम्स में नीली जर्सी में लौट सकती है टीम इंडिया