मेलानिया ट्रंप की जिंदगी पर बनेगी दो एपिसोड की डॉक्यू-सीरीज, 20 नवंबर को Amazon Prime Video पर होगी रिलीज
लॉस एंजेलिस: अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप की निजी और पेशेवर जिंदगी पर आधारित दो पार्ट की डॉक्यूमेंट्री सीरीज 20 नवंबर को Amazon Prime Video पर रिलीज होगी। इस सीरीज में दर्शकों को मेलानिया की जिंदगी, परिवार और फर्स्ट लेडी के रूप में उनकी जिम्मेदारियों की झलक देखने को मिलेगी। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने हाल ही में इसका ट्रेलर भी जारी किया है। सीरीज के ट्रेलर की शुरुआत मेलानिया ट्रंप के बयान से होती है। वह कहती हैं, "हर कोई पावर के करीब रहना चाहता है और कभी-कभी यह बहुत खतरनाक हो सकता है।" इसके बाद ट्रेलर में मेलानिया और उनके बेटे बैरन ट्रंप की झलक दिखाई जाती है। इस दौरान वह अपने परिवार को प्राथमिकता देने की बात कहती हैं। मेलानिया कहती हैं, "मैं एक मां, एक पत्नी और फर्स्ट लेडी हूं। वह (बैरन) मेरी प्राथमिकता हैं। वह हमेशा मेरी प्राथमिकता रहेंगे।"
दो एपिसोड में दिखाई जाएगी मेलानिया की जिंदगी
डेडलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, 'मेलानिया, द सीरीज' में कुल 2 एपिसोड होंगे। इनके नाम 'फैमिली एंड ट्रस्ट' और 'प्राइड एंड ऑनर' रखे गए हैं। सीरीज की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इसमें मेलानिया ट्रंप की जिंदगी से जुड़ी ऐसी कहानियां दिखाई जाएंगी, जिनके बारे में पहले कभी सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं हुई। इसमें अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद के खास दिन भी शामिल होंगे। पहले एपिसोड 'फैमिली एंड ट्रस्ट' में मेलानिया ट्रंप को अमेरिका की फर्स्ट लेडी बनने की तैयारी करते हुए दिखाया जाएगा। इस दौरान वह अपनी प्राथमिकताएं तय करती हैं। व्हाइट हाउस के अंदर भरोसे की परीक्षा और अपने करीबी लोगों की सुरक्षा के बीच जिम्मेदारियों को निभाने की चुनौती भी दिखाई जाएगी।
दूसरे एपिसोड में फर्स्ट लेडी के रूप में जिम्मेदारियां
दूसरे एपिसोड 'प्राइड एंड ऑनर' में फर्स्ट लेडी के रूप में मेलानिया की जिम्मेदारियों और उनके मिशन को दिखाया जाएगा। इसके आधिकारिक विवरण के मुताबिक, राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण के कुछ ही पलों बाद मेलानिया अमेरिकी लोगों के लिए अपने मिशन की शुरुआत करती हैं। डेडलाइन के मुताबिक, यह सीरीज ब्रेट रैटनर की मेलानिया पर बनी डॉक्यूमेंट्री के बाद आ रही है। वह डॉक्यूमेंट्री 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और 9 मार्च को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर आई थी। Amazon MGM Studios द्वारा निर्मित इस डॉक्यूमेंट्री ने दुनियाभर में लगभग 16 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई की थी। वहीं, इसका अनुमानित कुल बजट 75 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताया गया था, जिसमें 40 मिलियन डॉलर प्रोडक्शन और 35 मिलियन डॉलर मार्केटिंग पर खर्च होने की बात कही गई थी।
(ANI)
ये भी पढ़ें: दिवाली की रात 17 साल के दो किशोरों की हत्या, नहर किनारे टहलते समय हमलावरों ने किया हमला