गोवा के नाइट क्लब में सिलेंडर फटने से 25 लोगों की हुई मौत, मौके पर पहुंचे सीएम प्रमोद सावंत
गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात सिलेंडर फटने के बाद लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में चार पर्यटक और 14 स्टाफ थे। जबकि सात लोगों की अभी भी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं हादसे में घायल छह लोगों का इलाज जारी है।
मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हादसे में मारे गए ज्यादातर लोग नाइट क्लब की रसोई में काम करने वाले थे। यह घटना गोवा के अरपोरा में स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नामक नाइट क्लब में हुई।
सीएम सावंत ने एक्स पर अपडेट देते हुए बताया कि, "मैं अरपोरा में हुई दुखद घटना की स्थिति को बहुत ध्यान से देख रहा हूँ, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई है और 6 लोग घायल हुए हैं। सभी घायल लोग अभी स्थिर हैं और उन्हें सबसे अच्छा इलाज दिया जा रहा है। मैंने इस पूरी घटना की जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं, ताकि घटना के कारण और जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जा सके।"
घायलों का पास के अस्पतालों में उपचार जारी
पुलिस प्रमुख से मिली जानकारी के मुताबिक हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया, जबकि अधिकारी रात भर स्थिति पर काबू पाने के लिए काम करते रहे।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की
प्रधानमंत्री मोदी ने अरपोरा में हुई आग दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और इस घटना को "बेहद दुखद" बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 50,000 रुपये दिए जाएँगे।