काशी विश्वनाथ, श्रीराम मंदिर समेत अन्य मंदिरों की सुरक्षा एआई कैमरों से होगी
काशी विश्वनाथ, श्रीराम मंदिर समेत अन्य मंदिरों की सुरक्षा में एआई कैमरों से होगी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पर्यटन विभाग ने लिया यह निर्णय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्थित प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, अयोध्या के श्रीराम मंदिर और गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर समेत प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और गणना के लिए अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन मंदिरों और वहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पर्यटन विभाग ने यह निर्णय लिया है।
यूपी के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, अयोध्या में श्रीराम मंदिर समेत प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और गणना के लिए उनका विभाग अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कैमरों का इस्तेमाल करेगा। इससे रियल टाइम डाटा मिलने के साथ ही पर्यटकों के लिए आवश्यक प्रबंध करने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि इस तकनीकी से पर्यटकों की संख्या का सटीक आकलन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं का विकास और पर्यटन नीति निर्धारण भी अधिक प्रभावी होगा।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विभाग की यह पहल प्रदेश में स्मार्ट टूरिज्म और डिजिटल गवर्नेस की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पर्यटक प्रवाह का सटीक रिकॉर्ड मिल सकेगा। इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए विभाग ने इच्छुक एजेंसियों से "एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट" (ईओआई) आमंत्रित किए हैं।