आकांक्षा पुरी का बड़ा दावा: जंतर-मंतर पर CJP के समर्थन के लिए पैसे, फ्लाइट टिकट और होटल ऑफर किए गए
मुंबई (महाराष्ट्र)। अभिनेत्री आकांक्षा पुरी ने आरोप लगाया है कि उन्हें जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने और उसका समर्थन करने के लिए पैसे, फ़्लाइट टिकट और होटल में ठहरने की पेशकश की गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनसे इसके बारे में रील्स पोस्ट करने के लिए भी कहा गया था।
छात्रों के मुद्दे को मार्केटिंग नहीं, ईमानदारी से समर्थन देने की अपील
ANI से बात करते हुए पुरी ने कहा कि उन्होंने इन ऑफर को ठुकरा दिया और जोर देकर कहा कि विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्रों का सच्चे दिल से समर्थन किया जाना चाहिए, न कि उनके उद्देश्य को मार्केटिंग के अवसर के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "मुझे CJP और जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन का समर्थन करने के लिए पैसे की पेशकश की गई थी। उन्होंने मुझे जंतर-मंतर तक के लिए फ़्लाइट टिकट भी ऑफर किए। मुझसे रील्स पोस्ट करने के लिए कहा गया। कई अन्य क्रिएटर्स को भी ऐसे ही ऑफर मिले थे। मैंने मना कर दिया। छात्रों का सच्चे दिल से समर्थन किया जाना चाहिए। यह मार्केटिंग का मौका नहीं है।"
नेताओं से भी छात्रों की आवाज़ को गंभीरता से सुनने की मांग
पुरी ने राजनेताओं से भी अपील की कि वे विरोध कर रहे छात्रों का सच्चा समर्थन करें और उनके मुद्दे का इस्तेमाल प्रमोशन या मार्केटिंग के लिए न करें। उन्होंने आगे कहा, "सभी राजनेताओं से भी मेरी यही गुजारिश है कि वे इसे प्रमोशन या मार्केटिंग कंटेंट के तौर पर न देखें। उनका समर्थन करें, उनकी बात सुनें - वे बस यही चाहते हैं।" अभिनेत्री ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा छात्रों पर लाठीचार्ज और उनके घायल होने की घटना दुखद थी। उन्होंने कहा कि उन्हें और भी बुरा तब लगा जब उन्होंने देखा कि लोग कथित तौर पर उनकी मुश्किल स्थिति का इस्तेमाल कंटेंट बनाने के लिए कर रहे थे।
लाठीचार्ज और छात्रों की पीड़ा को कंटेंट बनाने पर जताई नाराज़गी
पुरी ने कहा, "जब आप युवा बच्चों को रोते हुए, लाठीचार्ज का सामना करते हुए और घायल होते हुए देखते हैं, तो बहुत बुरा लगता है। यह सब देखकर बहुत बुरा लगा, और जब मैंने देखा कि लोग इससे कंटेंट बना रहे हैं, तो मुझे और भी बुरा लगा - कि आप असल मुद्दे को ही भूल गए। वे हमारे देश का भविष्य हैं। वे कुछ छोटी सी चीज मांग रहे हैं, अपनी बात रख रहे हैं, और जो वे कह रहे हैं वह गलत नहीं है। उन्हें अपनी आवाज उठाने का पूरा अधिकार है। इसलिए कृपया उनका समर्थन करें।"
बॉलीवुड स्टार्स के समर्थन पर उठ रहे सवालों पर दिया जवाब
विरोध प्रदर्शन का समर्थन करने वाले बॉलीवुड अभिनेताओं की आलोचना पर पुरी ने कहा कि "आलोचना करने जैसी कोई बात नहीं है। हर किसी का समर्थन करने का अपना तरीका होता है।" पुरी ने आगे कहा कि पब्लिक फिगर्स चाहे किसी मुद्दे का कितना भी समर्थन क्यों न करें, उन्हें आलोचना का सामना करना ही पड़ता है। कुछ लोग समर्थन दिखाने पर उन पर कंटेंट बनाने का आरोप लगाते हैं, तो कुछ लोग कहते हैं कि वे ऐसा सिर्फ व्यूज पाने के लिए कर रहे हैं।
हर किसी का समर्थन करने का तरीका अलग
अभिनेत्री ने कहा, "हर कोई अपने तरीके से समर्थन कर रहा है। अगर कोई बहुत ज़्यादा करता है, तो लोग कहते हैं, 'आप तो बस कंटेंट बना रहे हैं।'" अगर कोई इससे भी ज़्यादा कुछ करता है, तो लोग कहते हैं, 'देखो, वे मार्केटिंग कर रहे हैं, उन्हें व्यूज चाहिए।' लोगों का यह नजरिया भी है। इसलिए मुझे लगता है कि हर कोई अपने तरीके से बढ़ावा देने और सपोर्ट करने की कोशिश कर रहा है, और जितना हो सके, लोग कोशिश कर रहे हैं।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर प्रदर्शन में घायल महिला की हालत स्थिर, स्वास्थ्य में लगातार सुधार