केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और AAP पर

अमित शाह का राहुल और केजरीवाल पर तीखा हमला, बोले- 'अगले 30 साल तक नहीं आएगी कांग्रेस की बारी'

Union Home Minister Amit Shah

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली के द्वारका में 8,941 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास और यमुना सफाई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) पर कड़ा राजनीतिक प्रहार किया।

'घुसपैठियों के वोट बचाना चाहती है कांग्रेस'

राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हार का ठीकरा हमेशा लोकतांत्रिक संस्थाओं पर फोड़ती है।

शाह ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा, "मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि आप 'वोट चोरी' के बेबुनियाद आरोप लगाकर घुसपैठियों के वोट बैंक को बचाना चाहते हैं। कांग्रेस कई राज्यों में दशकों से चुनाव नहीं जीत पाई है, और यह सिलसिला प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने से बहुत पहले शुरू हुआ था।"

'2030 तक चुनाव नहीं जीत पाएगी कांग्रेस'

कांग्रेस के चुनावी भविष्य पर तंज कसते हुए शाह ने दावा किया कि पार्टी की नकारात्मक कार्यशैली के कारण उसकी स्थिति में सुधार नहीं होने वाला है।

उन्होंने आगे कहा, "आप जिस तरह की नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं, उससे आप 2030 तक भी चुनाव नहीं जीत पाएंगे। जब आप जीतते हैं, तो चुनाव आयोग अच्छा काम करता है, लेकिन हारने पर आपको संस्था में खोट नजर आता है। याद रखिए कि अगले 30 सालों तक आपकी बारी नहीं आने वाली है।"

केजरीवाल और पंजाब सरकार पर निशाना

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथों लेते हुए गृह मंत्री ने कहा कि उन्होंने केवल आंदोलनों और विरोध-प्रदर्शनों की राजनीति की है, लेकिन जमीनी स्तर पर दिल्ली के विकास के लिए कुछ नहीं किया।

शाह ने कहा, "मैं केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि पंजाब की जनता AAP सरकार को उखाड़ फेंककर आपको करारा जवाब देगी। आपने दिल्ली के कचरे के ढेरों को साफ करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।" उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शहर के लैंडफिल साइट्स को खूबसूरत पार्कों में बदलने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है।

यमुना सफाई के लिए 9,000 करोड़ की सौगात

दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की 43 परियोजनाओं का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि यमुना नदी के पुनरुद्धार और पेयजल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, "दिल्ली में सरकार गठन के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यमुना को शुद्ध करने का अपना विजन पेश किया था। हमने इस लक्ष्य का 40% से अधिक सफर तय कर लिया है। आज रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा के प्रयासों से लगभग 9,000 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं की शुरुआत हो रही है।" ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: नशे के खिलाफ अमित शाह का बड़ा संकल्प, 2029 तक नशा-मुक्त भारत का लक्ष्य