आंध्र में बस में आग लगी, 20 यात्री जिंदा जले
आंध्र में बस में आग लगी, 20 यात्री जिंदा जले
इस हादसे पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया
कुरनूल (आंध्र प्रदेश)। जनपद के चिन्नातेकुर के निकट निजी बस में दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद आग लग गई। उसमें 20 लोग जिंदा जल गए। पुलिस के अनुसार मरने वालों में एक बाइक सवार भी है। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया है। हैदराबाद जा रही इस बस में 41 लोग सवार थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार टक्कर के बाद मोटरसाइकिल बस के नीचे आ गई। इस वजह से उसके ईंधन टैंक का ढक्कन खुल गया और आग लग गई। कुरनूल संभाग के पुलिस उप महानिरीक्षक कोया प्रवीण के अनुसार 19 यात्री, दो बच्चे और दो चालक बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।कुरनूल के कलेक्टर डॉ ए सिरी ने बताया, यह दुर्घटना सुबह 3 से 3:10 बजे के बीच हुई। 41 यात्रियों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। 20 मृतकों में से 11 के शवों की अब तक पहचान हो पाई है। बाकी की पहचान के प्रयास जारी हैं।