अंकिता भंडारी हत्याकांड: पूर्व विधायक की पत्नी उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट के लिए तैयार
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। अंकिता भंडारी हत्याकांड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच ने तेजी पकड़ ली है। दिल्ली में परिजनों के प्रदर्शन के बाद सीबीआई ने शिकंजा कसते हुए पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर की पत्नी और अभिनेत्री उर्मिला सनावर से पूछताछ की है, जिन्होंने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए नार्को टेस्ट कराने पर सहमति जता दी है।
सहारनपुर में हुई सीबीआई की पूछताछ
दिल्ली में अंकिता के माता-पिता के धरने के बाद हरकत में आई सीबीआई की टीम दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के सहारनपुर पहुंची थी। यहां टीम ने पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर की दूसरी पत्नी उर्मिला सनावर से लंबी पूछताछ की। अधिकारियों ने उनसे जानना चाहा कि क्या वे इस सनसनीखेज मामले में सच सामने लाने के लिए अपना नार्को टेस्ट कराने को तैयार हैं।
नार्को टेस्ट के लिए कोर्ट का आदेश तामील
उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी को इंसाफ दिलाने की बात कहते हुए नार्को टेस्ट कराने के लिए तुरंत हामी भर दी। उनकी सहमति मिलने के बाद सीबीआई ने अदालत द्वारा जारी आदेश की कॉपी भी उन्हें तामील करा दी है। अब एजेंसी इस हाई-प्रोफाइल मामले में कानूनी और मेडिकल प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुला था वीआईपी राज
इस पूरे मामले में उर्मिला की भूमिका बेहद अहम रही है। उन्होंने ही सबसे पहले इस केस में किसी 'वीआईपी' की संलिप्तता का दावा किया था। उर्मिला ने अपने पति सुरेश राठौर से फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें कथित तौर पर वीआईपी की भूमिका का जिक्र किया गया था। इस वायरल बातचीत में उत्तराखंड के तत्कालीन बीजेपी प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम भी सामने आया था।
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी हत्याकांड: सीबीआई ने नार्को-विश्लेषण परीक्षण के लिए अभिनेत्री उर्मिला सनावर को जारी किया नोटिस