ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े पेंशन फंड ने भारत में 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का निवेश किया
मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े पेंशन फंड ऑस्ट्रेलियनसुपर, जो 410 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से अधिक की संपत्ति का प्रबंधन करता है, द्वारा भारत में किए गए 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह निवेश भारत की आर्थिक प्रगति और घरेलू बाजार की अपार संभावनाओं में वैश्विक विश्वास को दर्शाता है।
'भारत विकास और सुधार की राह पर आगे बढ़ रहा'
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, "भारत ऑस्ट्रेलियनसुपर के 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश का स्वागत करता है। यह भारत के विकास और सुधार की राह में वैश्विक विश्वास की एक और झलक है। साथ ही यह हमारी गतिशील अर्थव्यवस्था द्वारा वैश्विक निवेशकों को दिए जाने वाले अपार अवसरों को भी दर्शाता है।" यह टिप्पणी उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम और आर्थिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन को संबोधित करने के बाद की।
भारत को बताया सुरक्षित निवेश गंतव्य
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को सुरक्षित, भरोसेमंद और दीर्घकालिक निवेश का मजबूत केंद्र बताया। उन्होंने दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच बढ़ते आर्थिक सहयोग पर जोर देते हुए ऑस्ट्रेलियाई पेंशन फंडों को भारत की विकास यात्रा में भागीदार बनने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई पेंशन फंड वर्तमान में चार ट्रिलियन डॉलर से अधिक की संपत्ति का प्रबंधन करते हैं। भारत में पेंशन बचत को एक पवित्र धरोहर माना जाता है। भारत आपके फंड को सुरक्षित, स्थिर और सतत विकास के अवसर प्रदान करता है। हमारा प्रयास होगा कि आपका विश्वास और आपकी पूंजी दोनों लगातार बढ़ें। शिक्षा और कौशल के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच स्वाभाविक तालमेल है और हमारा साझा लक्ष्य छात्र गतिशीलता को प्रतिभा साझेदारी में बदलना होना चाहिए।"
एनआईआईएफ में अतिरिक्त निवेश की घोषणा
प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ ही ऑस्ट्रेलियनसुपर ने भारत के राष्ट्रीय निवेश और अवसंरचना कोष (एनआईआईएफ) में अतिरिक्त 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 346 मिलियन अमेरिकी डॉलर) के निवेश की औपचारिक घोषणा की। कंपनी के अनुसार, यह निवेश सात वर्ष पहले किए गए 240 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश का विस्तार है।
भारत में 3.3 बिलियन डॉलर तक पहुंचा निवेश
ऑस्ट्रेलियनसुपर ने बताया कि भारत में उसका कुल निवेश पोर्टफोलियो अब 3.3 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक पहुंच गया है। इसमें अवसंरचना, सूचीबद्ध शेयरों और निजी बाजारों जैसे प्रमुख परिसंपत्ति वर्ग शामिल हैं। वर्ष 2015 में स्थापित राष्ट्रीय निवेश और अवसंरचना कोष (एनआईआईएफ) भारत के अवसंरचना विकास में वैश्विक निवेश आकर्षित करने का प्रमुख मंच है। ऑस्ट्रेलियनसुपर ने कहा कि एनआईआईएफ में उसका शुरुआती निवेश वैश्विक स्तर पर उसके सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले अवसंरचना निवेशों में शामिल रहा है। कंपनी का मानना है कि यह साझेदारी सुरक्षित और टिकाऊ रिटर्न देने की भारत की क्षमता को और मजबूत करती है।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: राम मंदिर चंदा गबन मामला: 'चोरों को पकड़कर सजा दी जाएगी', ट्रस्टी महंत दिनेन्द्र दास का भरोसा