अयोध्या में 25 नवंबर को राम मंदिर ध्वजारोहण, पीएम मोदी होंगे मुख्य अतिथि
तैयारियों की समीक्षा
श्रीराम मंदिर ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए अतिथियों के बैठने के लिए मन्दिर परिसर के सप्तमंडपों के नाम ऋषि मुनियों के नाम पर रखे गये है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 25 नवंबर को ध्वजारोहण समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। अयोध्या को इस कार्यक्रम के लिए भूमि पूजन और प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तर्ज पर सजाया जा रहा है। पीएम की अगवानी के लिए साकेत कालेज से राम मंदिर तक के एक किमी लंबे रास्ते को खूबसूरती से सजाया जा रहा है। रास्ते में सभी चौराहों पर रामधुन और हनुमान चालीसा का प्रसारण होगा।
तैयारियों को अंतिम रूप
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ध्वजारोहण कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को तैयारियों और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पतराय और विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों तथा अतिथियों को सुरक्षित व सुव्यवस्थित रूप से कार्यक्रम में लाने की व्यवस्था की सीएम को जानकारी दी।
15 ब्लॉक और विशेष व्यवस्था
क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह ने बताया कि ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए बने पंडाल अतिथियों के बैठने के लिए पन्द्रह ब्लाक बनाए गए हैं। इनके नाम मन्दिर परिसर के सप्तमंडपों में विराजमान ऋषि मुनियों के नाम पर रखा गया है। योजना यह है कि जगह जगह बने भोजनालयों पर अतिथियों को पहुंचाया जाएगा। यहां सघन परीक्षण (स्क्रीनिंग) के उपरान्त गोल्फ कार्ट से कार्यक्रम में भेजा जाएगा।
रंग आधारित सुरक्षा योजना
गजेन्द्र सिंह ने पंडाल के रंग आधारित सुरक्षा योजना के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक प्रांत को अलग अलग रंग आवंटित किया गया है। उस प्रांत की बसों पर उसी रंग के झंडे-बैनर होंगे। उसी रंग की प्रवेशिका (प्रवेश पत्र) और कार्यक्रम में उनका बैठने का स्थान भी उसी रंग (झंडे /बैनर, सूचना पट आदि) से दमकता मिलेगा। दूर से ही पता चल जाएगा कि किस रंग वालों कहां बैठना है, किधर जाना है।
रंगों का वितरण और सुरक्षा व्यवस्था
पदाधिकारियों के अनुसार काशी प्रांत का रंग पीला, अवध का लाल, गोरक्ष का हरा तथा कानपुर प्रांत को आसमानी रंग आवंटित हुआ है। इसके अतिरिक्त सुरक्षा के दृष्टिगत अतिथियों से सम्पर्क का पंचस्तरीय प्रावधान है। इसमें ह्वाट्सएप, एसएमएस, फोन काल, आमंत्रण पत्र और अंतिम चरण में प्रवेशिका पहुंचाना शामिल है।
व्यवस्था की सराहना
ध्वजारोहण में सुरक्षा के दृष्टिगत तैयार रंग योजना की मुख्यमंत्री समेत सभी पुलिस, प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारियों ने प्रसंशा की। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र पदाधिकारियों ने बताया कि सारे प्रबंध ऐसे हैं कि अतिथियों के कहीं भूलने भटकने की संभावना ही न रहे। रंग आधारित सुरक्षा व व्यवस्था की योजना को देख अधिकारी भी आश्वस्वस्त हुए और तत्काल मुख्यमंत्री ने भी अपनी सहमति दे दी।
यह भी पढ़े: Outage 2025: इंटरनेट पर बड़ा संकट
https://www.primenewsnetwork.in/science/outage-2025-internet-disrupted/98121