भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार चुनाव के बाद: राजनाथ
भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार चुनाव के बाद: राजनाथ
पार्टी में किसी तरह की कोई कलह नहीं
नई दिल्ली। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी तरह की कोई कलह नहीं है। एक भेंटवार्ता में राजनाथ सिंह ने कहा, 'बिहार विधानसभा चुनाव के बाद आप अगले भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के बारे में सुनेंगे। हमारी पार्टी में कोई विवाद नहीं है।' राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका के बारे में भी कहा कि पार्टी के राजनीतिक निर्णयों पर उसके प्रभाव की अटकलें सही नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'आरएसएस कभी भी भाजपा के राजनीतिक कार्यों में हस्तक्षेप नहीं करता। मैं बचपन से ही आरएसएस से जुड़ा रहा हूं। संघ ही देशभक्ति का संस्कार देता है।' उल्लेखनीय है कि अगला अध्यक्ष पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष होगा। जेपी नड्डा पहली बार 2019 में कार्यवाहक अध्यक्ष बने और 2020 में आधिकारिक रूप से चुने गए। हाल ही में नड्डा को केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य और रसायन एवं उर्वरक मंत्री बनाया गया है। इसके बाद से लगातार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने चल रहे बिहार चुनावों के बारे में भी बात की और सत्तारूढ़ एनडीए के एक और कार्यकाल जीतने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, 'जनता की प्रतिक्रिया से हमें विश्वास है कि हम सरकार बनाएंगे और हमें दो-तिहाई बहुमत मिल सकता है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री होंगे और चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जा रहा है।'
यह भी पढेंः