भारत की जनगणना 2027 में परिवारों से 40 सवाल पूछे ज

जनगणना 2027: घर-घर पूछे जाएंगे 40 सवाल, जानें नाम से लेकर आधार और बैंक खाते तक क्या-क्या जानकारी ली जाएगी

Representative Image

नई दिल्ली। गृह मंत्रालय (MHA) ने शुक्रवार को उन 40 सवालों की जानकारी दी जो जनगणना अधिकारी 'भारत की जनगणना 2027' के तहत परिवारों से जानकारी एकत्रित करने के लिए पूछेंगे। भारत के रजिस्ट्रार जनरल के कार्यालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए जनगणना अधिकारी अपने-अपने इलाकों में 'हाउसहोल्ड शेड्यूल' (परिवारों से जुड़ी जानकारी की सूची) के जरिए तय जानकारी एकत्रित करेंगे।

नाम, उम्र, लिंग और वैवाहिक स्थिति की जानकारी

अधिकारियों द्वारा एकत्रित किए जाने वाले इन सवालों में व्यक्तियों और परिवारों की व्यापक जनसांख्यिकीय (डेमोग्राफिक), सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक जानकारियां शामिल हैं। एकत्रित की जाने वाली जानकारी में व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से रिश्ता, लिंग, जन्म की तारीख और उम्र, वैवाहिक स्थिति, शादी के समय उम्र, जीवनसाथी का नाम और राष्ट्रीयता शामिल है।

जाति, धर्म, भाषा और शिक्षा से जुड़े सवाल भी शामिल

इस शेड्यूल में धर्म, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति या जाति, माता-पिता की जानकारी, विकलांगता, मातृभाषा और अन्य ज्ञात भाषाएं, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति और शिक्षण संस्थानों में जाने के बारे में भी जानकारी मांगी जाएगी। शिक्षा से जुड़े सवालों में प्राप्त उच्चतम शैक्षिक स्तर और स्ट्रीम या विषय भी शामिल होंगे। जनगणना शेड्यूल में रोजगार और आर्थिक गतिविधि से जुड़े सवाल भी शामिल हैं, जैसे कि क्या व्यक्ति ने पिछले साल काम किया, उनकी आर्थिक गतिविधि की श्रेणी, पेशा, उद्योग, व्यापार या सेवा का प्रकार, कामगार का वर्ग, गैर-आर्थिक गतिविधि और काम की उपलब्धता या काम की तलाश।

जन्मस्थान, पलायन और स्थायी पते की जानकारी ली जाएगी'

बाकी सवालों में जन्मस्थान, पिछली बार रहने की जगह, पलायन का कारण, पिछली बार पलायन के बाद से मौजूदा गांव या शहर में रहने की अवधि और स्थायी आवासीय पता शामिल है। पात्र महिलाओं के लिए, शेड्यूल में अभी जीवित बच्चों की संख्या, अब तक जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या और पिछले साल जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या के बारे में जानकारी इकट्ठा की जाएगी।

आधार, मोबाइल, बैंक खाते और वोटर ID की भी जानकारी

प्रश्नावली में COVID-19 टीकाकरण की जगह, बैंक खातों की कुल संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर ID नंबर, भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता के बारे में भी सवाल शामिल हैं। यह नोटिफिकेशन 'भारत की जनगणना 2027' की तैयारियों का हिस्सा है, जिसमें ये 40 सवाल जनगणना प्रक्रिया के जरिए परिवारों से इकट्ठा की जाने वाली जानकारी का आधार बनेंगे।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

Q.1: जनगणना 2027 के तहत परिवारों से कुल कितने सवाल पूछे जाएंगे? उत्तर: जनगणना 2027 के तहत जनगणना अधिकारी परिवारों से कुल 40 सवाल पूछेंगे। यह जानकारी 'हाउसहोल्ड शेड्यूल' के माध्यम से एकत्रित की जाएगी।

Q.2: इन 40 सवालों में मुख्य रूप से कौन-कौन सी जानकारियां शामिल हैं? उत्तर: इन सवालों में व्यक्तियों और परिवारों की व्यापक जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक जानकारियां, पलायन का कारण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बैंक खाते, और डिजिटल साक्षरता से जुड़े सवाल शामिल हैं।

Q.3: जनगणना 2027 की यह प्रक्रिया किस कानून के तहत आयोजित की जा रही है? उत्तर: यह प्रक्रिया जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए भारत के रजिस्ट्रार जनरल के कार्यालय द्वारा आयोजित की जा रही है। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति मुर्मू ने कलाकारों को दिए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार