भारत ने एकतरफा मुकाबले में वेस्टइंडीज को सात विकेट से हराया
भारत वेस्टइंडीज क्रिकेट टेस्ट
भारत ने एकतरफा मुकाबले में वेस्टइंडीज को सात विकेट से हराया
शुभमन गिल की कप्तानी में भारत का सिरीज पर 2- 0 से कब्जा
नयी दिल्ली। भारतीय टीम ने दिल्ली टेस्ट मैच जीतकर वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 2-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हरा दिया। भारत ने अहमदाबाद में पहला टेस्ट पारी और 140 रन से जीता था। भारत अब नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी।
भारतीय टीम ने घरेलू टेस्ट श्रृंखला में वेस्टइंडीज का 2-0 से सूपड़ा साफ कर दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले दूसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज की टीम अपनी दूसरी पारी में सोमवार को 390 रन बनाकर आउट हो गई थी। भारत को जीत के लिए 121 रनों का टारगेट मिला था। इस छोटे लक्ष्य को टीम इंडिया ने दूसरे टेस्ट के आखिरी दिन 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। केएल राहुल अर्धशतक बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 108 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 2 छक्के निकले। इसके बाद ध्रुव जुरेल और राहुल ने बगैर कोई विकेट खोये लक्ष्य हासिल किया। राहुल ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। केएल राहुल 58 और जुरेल 6 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत को जीत दिलाने में शतकवीर यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के साथ मुकाबले में कुल 8 विकेट हासिल करने वाले कुलदीप यादव का अहम योगदान रहा।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने पहली टेस्ट सीरीज में जीतने में सफलता हासिल की है। रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टी की यह पहली सीरीज जीत है। वहीं, वेस्टइंडीज की भारतीय सरजमीं पर ये छठी टेस्ट सीरीज हार है। 27 टेस्ट मैच से वेस्टइंडीज को भारत के खिलाफ जीत नहीं मिली है। कैरेबियन टीम को आखिरी जीत मई 2002 में किंग्सटन में मिली थी।
भारत ने दिल्ली में दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट के नुकसान पर 518 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर पारी घोषित कर दी थी। टीम इंडिया के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 175 जबकि शुभमन गिल ने 129 रनों की पारी खेली थी। भारत के पहली पारी के विशाल स्कोर के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 248 रनों पर ढेर हो गई और फिर टीम इंडिया ने मेहमान टीम को फॉलोआन दिया।
दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने बेहतर खेल दिखाया और 2 बल्लेबाजों के शतक की बदौलत 390 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए और भारत को जीत के लिए 121 रनों का टारगेट दिया। इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए टीम इंडिया को आखिरी दिन तक का इंतजार करना पड़ा। पहले ही सेशन में टीम इंडिया ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। केएल राहुल ने नाबाद 58 न की पारी खेली। उनके अलावा पहली पारी में 87 रन बनाने वाले साई सुदर्शन ने भी दूसरी पारी में 39 रनों की पारी खेली। भारत ने पांचवें दिन तक खिंचे एक तरफा मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज की। वेस्टइंडीज के लिए कप्तान रोस्टन चेस ने भारत के 2 विकेट अपने नाम किये।