चक्रवात 'अर्नब' आंध्र प्रदेश और यानम तट से टकरा गय

चक्रवात 'अर्नब' का आंध्र प्रदेश में लैंडफॉल, सुरक्षित निकाले गए 55 हजार से ज्यादा लोग; कमजोर हुआ चक्रवात

NDRF DIG (Operations) SS Soodan

नई दिल्ली। बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान 'अर्नब' बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तटों से टकरा गया। इस प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर राज्य के तटीय और निचले इलाकों से युद्धस्तर पर 55,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

39 एनडीआरएफ टीमें तैनात

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के डीआईजी (ऑपरेशंस) एसएस सूदन ने बुधवार को ताजा अपडेट साझा करते हुए बताया कि स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की कुल 39 टीमों को मैदान में उतारा गया है। इनमें चार विशेष टीमें शामिल हैं जिन्हें मंगलवार को एयरलिफ्ट कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया था।

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में सूदन ने स्पष्ट किया कि चक्रवात का मुख्य केंद्र यानम के दक्षिण में तटीय क्षेत्र के पास था। राज्य सरकार और एनडीआरएफ के आपसी समन्वय से निचले इलाकों से लोगों को समय रहते निकाल लिया गया। हालांकि, स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर (SEOC) ने शुरुआती रिपोर्टों में तीन लोगों के हताहत होने की जानकारी दी है, जबकि मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने शुरुआती बयानों में किसी भी जानमाल के बड़े नुकसान की पुष्टि न होने की बात कही है।

कमजोर पड़ा चक्रवात का असर

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्नब' ने बुधवार को सुबह 2 बजे से 8 बजे के बीच बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट को पार किया। इस दौरान 125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने कहर बरपाया, और हवा के झोंकों की गति 150 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई थी।

सुबह 8:30 बजे के बाद यह सिस्टम 'वेरी सीवियर साइक्लोन' से कमजोर होकर 'सीवियर साइक्लोन' में तब्दील हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले छह घंटों में यह और कमजोर होकर एक गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) के रूप में बदल जाएगा। वर्तमान में यह सिस्टम तटीय आंध्र प्रदेश और यानम के ऊपर केंद्रित है।

युद्धस्तर पर राहत और बहाली कार्य

चक्रवात के कहर और तेज समुद्री लहरों के कारण काकीनाडा के पास उप्पाडा तटीय सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। गंभीर तटीय कटाव के चलते संपर्क मार्ग बाधित हुए हैं, जिन्हें ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आंध्र प्रदेश सरकार हाई अलर्ट पर है। सीएमओ ने बताया कि प्रशासनिक अमला लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संपत्तियों के नुकसान को न्यूनतम करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में यातायात और बुनियादी सेवाओं को बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य तेजी से जारी हैं। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब: आंध्र प्रदेश में किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहींः CM नायडू