CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन: दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस और NSUI नेताओं को लिया हिरासत में
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन के बाहर IYC अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कई यूथ कांग्रेस और NSUI नेताओं को हिरासत में ले लिया।
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए, IYC अध्यक्ष उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।
उन्होंने कहा, "जो लोग शांति से विरोध कर रहे हैं और लोकतंत्र को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ हिंसा की जा रही है। हमारी महिला पदाधिकारियों को चोटें आई हैं; दिल्ली पुलिस का रवैया ऐसा ही है। पत्रकारों और छात्रों के खिलाफ हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे साफ पता चलता है कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह डरे हुए हैं और ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।"
राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर तीखा हमला
इससे पहले दिन में, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनाव आयुक्तों से विपक्षी नेताओं से मिलने और देश भर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े उनके सवालों के जवाब देने की मांग की।
विपक्षी सांसदों ने निर्वाचन सदन की ओर मार्च किया, जहां उन्हें पुलिस बैरिकेड्स का सामना करना पड़ा। आकाशवाणी भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर देश को “हाईजैक” करने और चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: लाठी-गोली खाएंगे, पर EC को हटाकर रहेंगे: INDIA गठबंधन के विरोध प्रदर्शन में विपक्ष की चेतावनी