प्रदूषण से हांफ रही देश की राजधानी दिल्ली
प्रदूषण से हांफ रही देश की राजधानी दिल्ली
एम्स के पूर्व निदेशक ने चेताया- स्वास्थ्य पर खराब असर
नई दिल्ली (एएनआई)। दिल्ली में शुक्रवार को हवा की गुणवत्ता गिरकर खराब और अत्यंत खराब की श्रेणी में पहुंच गई। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पूर्व निदेशक डा. रणदीप गुलेरिया ने दिल्लीवासियों को चेतावनी दी है कि बढ़ते प्रदूषण से स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते हुए प्रदूषण पर नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण का वर्तमान उच्च स्तर बता रहा है कि एक्यूआई की स्थिति बहुत खराब है। इसका स्वास्थ्य पर बहुत खराब असर पड़ेगा- खासकर कमजोर हृदय और फेफड़े वाले कम उम्र के लोगों, वृद्धों और बच्चों पर। ऐसे लोगों को सीने में परेशानी हो रही, साथ में सांस लेने भी दिक्कत हो रही है। अन्य स्रोतों से मिली जानकारी के अनुसार आज दिल्ली का एक्यूआई 200 के पार है। aqi.in के अनुसार, नई दिल्ली में आज सुबह सात बजे AQI 216 रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोनिया विहार दिल्ली में एक्यूआई 225 दर्ज किया गया है। वहीं, आईटीआई शारदा दिल्ली में आज सुबह सात बजे एक्यूआई 216 दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली के द्वारका में 196 रिकॉर्ड किया गया है। दिल्ली के नरेला में आज सुबह AQI 203 पाया गया, जबकि अलीपुर दिल्ली में एक्यूआई 205 दर्ज किया गया है। अलावा गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आज सुबह सात बजे एक्यूआई 224 रिकॉर्ड किया गया, जबकि लोनी में 235 पाया गया। उधर, नोएडा सेक्टर-116 में AQI 227 दर्ज किया गया है। अगर हरियाणा के गुरुग्राम की बात करें तो वहां आज सुबह सात बजे एक्यूआई 231 रिकॉर्ड किया गया है।