इक्विटी म्यूचुअल फंड में अगस्त में 29,329 करोड़ का निवेश, चार महीने का उच्च स्तर
नई दिल्ली : निवेशकों की मझोली और छोटी कंपनियों के शेयर पर केंद्रित योजनाओं में मजबूत रुचि से इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में अगस्त में 29,329 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। यह चार महीने में सबसे अधिक है।
जुलाई के मुकाबले 19 प्रतिशत बढ़ा निवेश
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में 24,697 करोड़ रुपये का निवेश आया था। इस लिहाज से अगस्त में निवेश करीब 19 प्रतिशत अधिक रहा।
कुल म्यूचुअल फंड निवेश में बड़ी गिरावट
म्यूचुअल फंड उद्योग में कुल शुद्ध निवेश अगस्त में घटकर 41,353 करोड़ रुपये रह गया, जबकि जुलाई में यह 2.36 लाख करोड़ रुपये रहा था। इसकी मुख्य वजह ऋण केंद्रित योजनाएं रहीं, जिनमें अगस्त में 8,127 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी हुई जबकि जुलाई में इनमें 1.88 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया था। इसके बावजूद, उद्योग की प्रबंधनाधीन संपत्ति (एयूएम) अगस्त के अंत में बढ़कर 87.07 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो जुलाई के अंत में 85.75 लाख करोड़ रुपये थी।
अप्रैल के बाद इक्विटी फंड में सबसे ज्यादा निवेश
आंकड़ों के अनुसार, इक्विटी केंद्रित योजनाओं में अगस्त में 29,328.62 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। यह अप्रैल के बाद सबसे अधिक है, तब इन योजनाओं में 38,440 करोड़ रुपये का निवेश आया था। जून में शुद्ध निवेश 28,973 करोड़ रुपये और मई में 22,908 करोड़ रुपये रहा था।
स्मॉलकैप फंड निवेशकों की पहली पसंद
इक्विटी श्रेणियों में छोटी कंपनियों के शेयर पर केंद्रित फंड में अगस्त में सबसे अधिक 7,973 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। इसके बाद मझोली कंपनियों के शेयरों पर केंद्रित फंड में 6,989 करोड़ रुपये का निवेश आया। हालांकि, बड़ी कंपनियों के शेयरों पर केंद्रित फंड से अगस्त में 1,147 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी हुई।
गोल्ड ईटीएफ में भी बढ़ा निवेश
आंकड़ों के अनुसार, गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में भी अगस्त में निवेश जारी रहा और इनमें 2,597 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। यह जुलाई में आए 1,559 करोड़ रुपये के निवेश से काफी अधिक है।
यह भी पढ़: रीवा बस स्टैंड पर महिला का पर्स चोरी कर भाग रही चोरनी गिरफ्तार, साथी फरार