विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अहम कूटनीति: यूएनजीए के इतर रूस और ईरान के समकक्षों से की मुलाकात

विदेश मंत्री एस. जयशंकर

संयुक्त राष्ट्र। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को ईरान और रूस के अपने समकक्षों से मुलाकात की, जिनके साथ द्विपक्षीय मुद्दों, ब्रिक्स समूह में सहयोग और खाड़ी संघर्ष समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की और द्विपक्षीय मुद्दों के साथ-साथ ब्रिक्स समूह में सहयोग पर चर्चा की। जयशंकर ने ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के इस समूह का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘आज रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ सकारात्मक बैठक हुई। कई मौजूदा मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। द्विपक्षीय संबंधों और ब्रिक्स में सहयोग की भी समीक्षा की।’’

भारत ने इस महीने की शुरुआत में ब्रिक्स की मेजबानी की

भारत ने इस महीने की शुरुआत में ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने हिस्सा लिया था। जयशंकर ने यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र के इतर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ हुई बातचीत उपयोगी रही। हमने खाड़ी संघर्ष से जुड़े ताजा घटनाक्रम पर चर्चा की।’’ 

(इनपुट: भाषा)

यह भी पढ़ेंः बाल झड़ने की समस्या से हैं परेशान? अपनाएं ये असरदार घरेलू देखभाल के तरीके