मुंबई-पुणे महामार्ग पर मशहूर सोशल मीडिया स्टार असफिया खान की हादसे में मौत
Location: नवी मुंबई मुंबई-पुणे एक्सप्रेस हायवेपर पनवेल के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में मशहूर सोशल मीडिया स्टार असफिया खान की दुखद मौत हो गई। इस खबर ने उनके प्रशंसकों और सोशल मीडिया पर शोक की लहर पैदा कर दी है। असफिया खान मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थीं और अपने कुछ दोस्तों के साथ मुंबई घूमने आई थीं।
पुलिस के अनुसार, असफिया अपने दोस्तों के साथ मुंबई में समय बिताने के बाद लोनावला जा रही थीं। इस दौरान उनकी गाड़ी का ड्राइवर तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। पनवेल के पास पहुंचते ही ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण छूट गया, जिसके कारण गाड़ी ने तीन-चार बार पलटी मार दी। इस हादसे में असफिया के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत पनवेल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में मोहम्मद अरबाज, मोहम्मद अहमद (24 वर्ष), मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद आजम (24 वर्ष) और रिजवान खान (26 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
असफिया खान सोशल मीडिया पर अपनी अनूठी सामग्री के लिए जानी जाती थीं और उनकी बड़ी प्रशंसक संख्या थी। उनके अचानक निधन की खबर से सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया जा रहा है। प्रशंसक और उनके चाहने वाले इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और उनकी याद में भावुक संदेश साझा कर रहे हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट: सुदिप घोलप