DND-फरीदाबाद-सोहना हाईवे और जेवर एयरपोर्ट कॉरिडोर पर काम तेज, ट्रैफिक जाम कम होगा
नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने और जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के उद्देश्य से DND-फरीदाबाद-सोहना एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे और जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी कॉरिडोर पर तेज़ी से काम जारी है। इस प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) मिलकर करवा रही है।
6 लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर पर ₹4,463 करोड़ का खर्च
करीब ₹4,463 करोड़ की अनुमानित लागत से बन रहा यह 59 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड सिक्स-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना को सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और जेवर में आगामी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इस परियोजना के पूरा हो जाने के बाद दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। साथ ही लोगों के समय की भी बचत होगी।
धौला कुआं और NH-44 पर कम होगा दबाव
गौरतलब है कि अभी उत्तरी राज्यों से दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले भारी ट्रैफिक के कारण NH-44 और धौला कुआं पर काफी दबाव रहता है। जेवर एयरपोर्ट और नए एक्सप्रेसवे नेटवर्क के चालू होने के बाद बड़ी संख्या में गाड़ियां सीधे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगी। इससे दिल्ली में ट्रैफिक जाम कम होगा। यह नया कॉरिडोर दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम से जेवर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी सीधा और तेज कनेक्टिविटी देगा। इससे उन्हें नोएडा होकर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
1.25 लाख करोड़ के दिल्ली डीकंजेशन प्लान का हिस्सा
यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार की NCR क्षेत्र के लिए करीब 1.25 लाख करोड़ की दिल्ली डीकंजेशन (ट्रैफिक कम करने) प्लान का ही एक हिस्सा है। इस योजना में दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे विस्तार, अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) विस्तार, द्वारका एक्सप्रेसवे सुरंग, AIIMS-महिपालपुर एलिवेटेड कॉरिडोर और कालिंदी कुंज इंटरचेंज जैसे बड़े सड़क और एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट शामिल हैं। अधिकारियों का दावा है कि इन परियोजनाओं से पूरे दिल्ली में ट्रैफिक जाम, प्रदूषण और यात्रा का समय काफी हद तक कम हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/hardoi-online-pornography-racket-busted-btech-grad-arrested/206315