फ्लिपकार्ट अपना मुख्यालय सिंगापुर से भारत स्थानांत

'फ्लिपकार्ट' का मुख्यालय सिंगापुर से भारत होगा स्थानांतरित

Flipkart headquarters will be shifted from Singapore to India

नई दिल्ली। ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी "फ्लिपकार्ट" अपना मुख्यालय सिंगापुर से भारत स्थानांतरित करेगा। राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण (एनसीएलटी) ने वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी "फ्लिपकार्ट" को अपना मुख्यालय स्थानांतरित करने की मंजूरी दे दी है।

एनसीएलटी की अनुमति मिलने के बाद "फ्लिपकार्ट" अब सिंगापुर से अपना मुख्यालय भारत ला सकती है। इस मंजूरी के बाद "फ्लिपकार्ट" का अगले कैलेंडर वर्ष में बाजार में सूचीबद्ध किये जाने को लेकर अपना मसौदा दाखिल करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। 

एनसीएलटी की प्रमुख पीठ ने अपने आदेश में कहा है कि, 'प्रस्तुत तथ्यों और विमर्श खासकर संबंधित अधिकारियों के रुख और प्रस्तावित योजना के लिए सभी हस्तांतरित और हस्तांतरण कर्ता कंपनियों के सदस्यों और लेनदारों की स्वीकृति को ध्यान में रखते हुए योजना को मंजूरी देने में कोई बाधा नहीं दिखती है।' पीठ ने प्रस्तावित विलय योजना को मंजूरी दे दी।

समूह की कई संस्थाओं का फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड में होगा विलय

न्यायाधिकरण ने "फ्लिपकार्ट" के समूह ढांचे को चरणबद्ध तरीके से मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। योजना के तहत समूह की कई संस्थाओं का फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड में विलय किया जाएगा। शुरू में सिंगापुर की अदालतों से मंजूरी मिलने के बाद फ्लिपकार्ट हेल्थ, फ्लिपकार्ट मार्केटप्लेस, मिंत्रा होल्डिंग्स, क्विकरूट्स इंटरनैशनल और अन्य सहित सात हस्तांतरणकर्ता कंपनियों का पहले हस्तांतरित कंपनी में विलय किया जाएगा। इसके बाद, फ्लिपकार्ट प्राइवेट लिमिटेड का फ्लिपकार्ट इंटरनेट में विलय कर दिया जाएगा।

"फ्लिपकार्ट" ने सिंगापुर से अपना मुख्यालय भारत में स्थानांतरित करने के लिए इस साल अप्रैल में आंतरिक मंजूरी ले ली थी। "फ्लिपकार्ट" के एक प्रवक्ता ने पहले कहा था, 'यह कदम स्वाभाविक है, जो हमारी होल्डिंग संरचना को हमारे मुख्य परिचालन, भारतीय अर्थव्यवस्था की विशाल क्षमता और भारत में डिजिटल की हमारी प्रौद्योगिकी और नवाचार-संचालित क्षमताओं के अनुकूल है।'

"फ्लिपकार्ट" का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली इकाई द्वारा फोनपे के बाद दूसरा आईपीओ होगा। फोनपे ने अक्टूबर 2022 में अपना मुख्यालय भारत स्थानांतरित किया था और इस साल सितंबर में गोपनीय प्री-फाइलिंग प्रक्रिया के माध्यम से आईपीओ मसौदा दाखिल किया था।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/csk-bought-prashant-veer-of-amethi-for-rs-1420-crore-for-the-t20-league/101485

IPL नीलामी में अमेठी के प्रशांत वीर का जलवा, CSK ने टी20 लीग के लिए 14.20 करोड़ में खरीदा