अंडों में नाइट्रोफ्यूरन्स की मौजूदगी की जाँच के लिए नमूने एकत्र करेगी FSSAI
नई दिल्ली: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने क्षेत्रीय कार्यालयों से अंडों में नाइट्रोफ्यूरन्स की उपस्थिति की जाँच के लिए अंडे के नमूने एकत्र करने को कहा है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब एगोज़ (Eggoz) द्वारा वितरित किए गए अंडों की गुणवत्ता के संबंध में, कथित तौर पर नाइट्रोफ्यूरन्स की मौजूदगी की खबरें सामने आईं।
खाद्य उत्पादन करने वाले जानवरों में प्रतिबंधित है नाइट्रोफ्यूरन्स
नाइट्रोफ्यूरन्स वे एंटीबायोटिक्स हैं जिन्हें खाद्य उत्पादन करने वाले जानवरों में प्रतिबंधित किया गया है, फिर भी अवैध उपयोग के कारण इनके अवशेष अंडों में पाए जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने क्षेत्रीय कार्यालयों को ब्रांडेड और बिना ब्रांड वाले अंडों के नमूने एकत्र करने और उन्हें देश भर की दस प्रयोगशालाओं में परीक्षण के लिए भेजने को कहा है ताकि नाइट्रोफ्यूरन्स की उपस्थिति की जाँच की जा सके।
नाइट्रोफ्यूरन्स से दूषित अंडों का सेवन बच्चों के लिए हो सकता है हानिकारक
फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग में बाल रोग विभाग के वरिष्ठ निदेशक और यूनिट हेड डॉ. विवेक जैन ने कहा कि, "बच्चों में, नाइट्रोफ्यूरन्स से दूषित अंडों का सेवन हानिकारक हो सकता है क्योंकि ये रसायन संभावित विषाक्त, कैंसरकारी (carcinogenic) और जीनोटॉक्सिक (genotoxic) प्रभावों से जुड़े हुए हैं। छोटे बच्चे विशेष रूप से असुरक्षित होते हैं क्योंकि उनके अंग और प्रतिरक्षा प्रणाली अभी भी विकसित हो रहे होते हैं। लंबे समय तक संपर्क से लीवर को नुकसान, प्रतिरक्षा दमन (immune suppression) और विकास संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।"
Eggoz ने अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से साझा की रिपोर्ट
सुरक्षा उपायों पर आगे ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा, "बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए सख्त खाद्य सुरक्षा जाँच सुनिश्चित करना और विश्वसनीय, विनियमित स्रोतों से अंडे चुनना आवश्यक है।" हालांकि, एगोज़ ने अपने बयान में कहा कि फर्म ने 'सुरक्षा और विश्वास' का आश्वासन देते हुए प्रयोगशाला रिपोर्ट सार्वजनिक रूप से अपनी वेबसाइट पर साझा की है।
कंपनी ने उच्चतम मानकों को बनाए रखने का दिया आश्वासन
अंडा वितरकों ने एक बयान में कहा कि, "जैसा कि वादा किया गया था, एगोज़ अंडे के नमूनों की नवीनतम प्रयोगशाला रिपोर्ट उपलब्ध हैं, और हम उन्हें सभी के संदर्भ के लिए www.eggoz.com पर खुले तौर पर साझा कर रहे हैं। एगोज़ में, हमारे उपभोक्ताओं की सुरक्षा और विश्वास हमारे लिए सब कुछ है। आपके धैर्य के लिए और हमें तथ्यों को स्पष्ट करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद। हम अपने फार्मों और प्रक्रियाओं में उच्चतम मानकों को बनाए रखना जारी रखेंगे।"
एगोज़ की वेबसाइट के अनुसार, कोई भी एंटीबायोटिक्स, प्रतिबंधित पदार्थ या कीटनाशक (pesticides) नहीं पाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि 25 से अधिक कीटनाशकों का परीक्षण किया गया, सभी BLQ (Below Limit of Quantification) थे।